IND vs ENG T20I: क्रिकेट के मैदान से भारतीय फैंस के लिए एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी का दिल तोड़ दिया है. टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल (T20I) इतिहास की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. इंग्लैंड ने भारतीय टीम को एकतरफा मुकाबले में पूरे 125 रनों से करारी शिकस्त दी. इस मैच में न तो बल्लेबाजी चली और न ही गेंदबाजों का जादू देखने को मिला.
मैच खत्म होने के बाद अब फैंस के बीच इस बात की चर्चा तेज है कि आखिर इस महा-फ्लॉप शो के जिम्मेदार कौन हैं? आइए नजर डालते हैं उन 5 खिलाड़ियों पर जो इस मैच में टीम इंडिया की हार के सबसे बड़े विलेन बनकर उभरे हैं.
अभिषेक शर्मा
पिछले मैच में तूफानी पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा से फैंस को इस बार भी एक धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद थी. लेकिन तीसरे टी20 में उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा. अभिषेक महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उनके जल्दी आउट होने से न सिर्फ टीम की शुरुआत बिगड़ी, बल्कि दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाजों पर भी दबाव आ गया.
वैभव सूर्यवंशी
पिछले कुछ समय से जबरदस्त फॉर्म में चल रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में अच्छे टच में दिख रहे थे. उन्होंने आते ही 5 गेंदों में दो शानदार छक्के जड़कर 13 रन बना लिए थे. लेकिन जब टीम को उनके क्रीज पर टिकने की सबसे ज्यादा जरूरत थी तब वो एक गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हो गए. वैभव का इस तरह विकेट फेंकना टीम को बहुत भारी पड़ा.
श्रेयस अय्यर
जब टीम ने 41 रन पर अपने 3 मुख्य विकेट गंवा दिए थे, तब क्रीज पर अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर मौजूद थे. ऐसी मुश्किल परिस्थिति में उनसे समझदारी और सूझबूझ से खेलने की उम्मीद थी. लेकिन सरपंच साहब पिच पर टिकने के बजाय बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में जैकब बेथेल को कैच थमा बैठे. उनका यह विकेट गिरना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
ये भी पढे़ं- आखिरी 10 मिनट में मेसी का चला जादू, अर्जेंटीना ने इजिप्ट को 3-2 से हराया; क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
तिलक वर्मा
टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा इस मैच में पूरी तरह बेबस नजर आए. एक तरफ जहां लगातार विकेट गिर रहे थे वहीं तिलक ने दबाव हटाने के बजाय खुद पर और ज्यादा प्रेशर ले लिया. उन्होंने बेहद धीमी बल्लेबाजी की और 11 गेंदें खेलकर सिर्फ 3 रन बनाए. आखिरकार वो विल जैक्स की गेंद पर चकमा खा गए और स्टंप आउट होकर चलते बने.
अक्षर पटेल
ऑलराउंडर अक्षर पटेल के लिए यह मैच किसी बुरे सपने जैसा रहा. गेंदबाजी के दौरान वो टीम के सबसे महंगे बॉलर साबित हुए और उन्होंने 12.25 की बेहद खराब इकोनॉमी से 49 रन लुटा दिए. इसके बाद जब बल्लेबाजी में उनसे करिश्मे की उम्मीद थी, तब वो भी सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए.
इस करारी हार ने टीम इंडिया के थिंक टैंक के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं जिनका जवाब उन्हें अगले मैचों से पहले ढूंढना होगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




