IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का 48वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया, जिसमें केकेआर ने 14 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लेकर की. पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 204 रन बनाए. जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 190 रन ही बना सकी और मैच हार गई. यह दिल्ली की लगातार दूसरी हार है. इससे पहले उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथो हार का सामना करना पड़ा था.
नरेन और चक्रवर्ती ने लगाई दिल्ली पर लगाम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही. पारी के पहले ही ओवर में अभिषेक पोरेल सिर्फ 1 रन बनाकर अनुकूल रॉय की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद करुण नायर ने कुछ हाथ दिखाने की कोशिश की, लेकिन वह भी 15 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने. दिल्ली को सबसे बड़ी उम्मीद केएल राहुल से थी, मगर वह भी रन आउट होकर सिर्फ 7 रन पर पवेलियन लौट गए.
दिल्ली की पारी में कप्तान अक्षर पटेल और फाफ डु प्लेसिस के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली. दोनों ने रनगति को संभालते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया, लेकिन सुनील नरेन ने एक बार फिर मैच में मोड़ ला दिया. उन्होंने पहले अक्षर पटेल को 43 रन पर चलता किया और फिर अपने अंतिम ओवर में फाफ डु प्लेसिस को भी 62 रन पर आउट कर दिया.
इन दोनों अहम विकेटों के बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई और अंत में टीम 190 रनों पर ही सिमट गई. कोलकाता के लिए नरेन और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी ने दिल्ली के मिडिल ऑर्डर को पूरी तरह से जकड़ लिया.
केकेआर के लिए चमके रिंकूऔर रघुवंशी
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 204 रन बनाए. टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन ने पहले ही ओवर से गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू किया. हालांकि गुरबाज 48 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और 26 रन बनाकर आउट हो गए. नरेन ने भी 27 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन 85 के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका लगा.
वेंकटेश अय्यर इस मैच में भी नाकाम रहे और केवल 7 रन बनाकर चलते बने. 10 ओवर की समाप्ति पर केकेआर का स्कोर 117/4 था. इसके बाद रिंकू सिंह और युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने मिलकर पारी को फिर से पटरी पर लाया. दोनों के बीच 61 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने कोलकाता को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
रघुवंशी ने 44 रनों की उम्दा पारी खेली जबकि रिंकू सिंह ने 36 रन जोड़े. अंतिम ओवरों में आंद्रे रसेल ने कुछ शानदार शॉट्स खेले और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग XI: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल, हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग XI: फाफ डु प्लेसिस, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), करुण नायर, केएल राहुल, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मुकेश कुमार
ये भी पढ़ें- हर सुबह 2 बजे उठती थीं मां, पिता ने छोड़ी नौकरी, ऐसे बना वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट का चमकता सितारा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
