IPL 2026 Auction Sarthak Ranjan: अबू धाबी में हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में जब बड़े-बड़े सितारों पर पैसों की बारिश हो रही थी, तब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक ऐसी चाल चली जिसने क्रिकेट प्रेमियों और खासकर बिहार की राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
KKR ने जहां कैमरन ग्रीन और मथीशा पथिराना जैसे इंटरनेशनल स्टार्स पर करोड़ों लुटाए, वहीं महज 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर एक ऐसे खिलाड़ी को टीम में शामिल किया, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है. यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि बिहार के पूर्णिया से सांसद और दिग्गज नेता पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन हैं.
KKR ने लगाया ‘पॉलिटिकल पावर’ के बेटे पर दांव
दिल्ली की घरेलू क्रिकेट टीम की ओर से खेलने वाले 29 वर्षीय सार्थक रंजन दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. ऑक्शन के दौरान जब सार्थक का नाम पुकारा गया, तो किसी और टीम ने उनमें रुचि नहीं दिखाई. ऐसे में केकेआर ने बिना वक्त गंवाए उन्हें उनके बेस प्राइस पर ही अपनी टीम का हिस्सा बना लिया. हालांकि सार्थक की पहचान एक हाई-प्रोफाइल राजनीतिक परिवार से है, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर उनकी अपनी एक अलग कहानी रही है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 ऑक्शन में बड़े नाम अनसोल्ड, इन खिलाड़ियों को नहीं मिला खरीदार, फैंस हैरान
DPL 2025 में मचाया था गदर
सार्थक रंजन के करियर को करीब से देखने वाले जानते हैं कि घरेलू क्रिकेट में उन्हें बहुत ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन ‘दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025’ ने उनकी किस्मत बदल दी. इस टूर्नामेंट में सार्थक ने अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया था. उन्होंने 9 पारियों में 56.12 की शानदार औसत और 146.73 के स्ट्राइक रेट से कुल 449 रन कूट डाले थे.
इस दौरान उनके बल्ले से 21 गगनचुंबी छक्के निकले और वह टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे. इतना ही नहीं, लीग में शतक जड़ने वाले चुनिंदा 5 बल्लेबाजों में सार्थक का भी नाम शामिल था. इसी दमदार प्रदर्शन ने केकेआर के स्काउट्स का ध्यान उनकी ओर खींचा.
संघर्ष और घरेलू क्रिकेट का सफर
पप्पू यादव के बेटे होने के बावजूद सार्थक का क्रिकेटिंग सफर इतना आसान नहीं रहा है. उन्होंने साल 2016 में दिल्ली के लिए डेब्यू किया था, लेकिन तब से लेकर अब तक उन्हें खेलने के बेहद कम अवसर मिले हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो सार्थक ने अब तक केवल 2 फर्स्ट क्लास, 4 लिस्ट ए और 5 टी20 मैच ही खेले हैं. साल 2024 के बाद से वह दिल्ली की मुख्य टीम से बाहर ही रहे हैं, लेकिन अब आईपीएल के इस बड़े मंच ने उनके लिए वापसी के दरवाजे खोल दिए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




