Bharat Express DD Free Dish

चेन्नई की बढ़ी टेंशन: क्या धोनी के बिना डूब रही है चेन्नई की नैया? ‘थाला’ की वापसी पर आया बड़ा अपडेट

लगातार तीन हार झेल चुकी चेन्नई सुपर किंग्स को अपने अगले मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी अभी भी पूरी तरह फिट नहीं हैं और 11 अप्रैल के मुकाबले से बाहर रहेंगे. हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी टीम के लिए राहत भरी खबर बनकर आई है.

IPL 2026, MS Dhoni, Chennai Super Kings

MS Dhoni Injury Update: IPL 2026 का आगाज हो चुका है, लेकिन पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खुशियां अभी कोसों दूर नजर आ रही हैं. चेन्नई के फैंस के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द टीम की हार नहीं, बल्कि उनके चहेते ‘थाला’ यानी महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी है. धोनी फिलहाल अपनी पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं और इसी वजह से वह अब तक इस सीजन का एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. टीम मैनेजमेंट ने पहले ही साफ कर दिया था कि धोनी रिहैब प्रक्रिया में हैं, लेकिन अब फैंस के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है.

दिल्ली के खिलाफ भी नहीं दिखेंगे ‘माही’

चेपॉक के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 11 अप्रैल को होने वाले मुकाबले से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है. ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो धोनी इस घरेलू मैच में भी मैदान पर नहीं उतरेंगे. यानी चेन्नई के फैंस को अपने ‘कैप्टन कूल’ को पीली जर्सी में खेलते देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा.

खबर है कि धोनी अब सीधे 14 अप्रैल को KKR के खिलाफ होने वाले मैच से वापसी कर सकते हैं. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक तौर पर इस तारीख पर मुहर नहीं लगाई है, लेकिन माना जा रहा है कि तब तक वह पूरी तरह मैच फिट हो जाएंगे.

लगातार हार से मुश्किल में चेन्नई

धोनी का मैदान पर न होना सीएसके को काफी भारी पड़ रहा है. टीम अब तक खेले गए अपने तीनों शुरुआती मैच हार चुकी है. मिडिल ऑर्डर में धोनी की वो फिनिशिंग टच और विकेट के पीछे से गेम पलटने वाली रणनीति की कमी साफ खल रही है.

फिलहाल धोनी चेन्नई में ही रुके हुए हैं और टीम के मेडिकल स्टाफ की कड़ी निगरानी में रिकवरी कर रहे हैं. अच्छी खबर बस इतनी है कि पिछले कुछ दिनों में उन्हें नेट्स पर पसीना बहाते और बल्लेबाजी करते देखा गया है, जो उनकी जल्द वापसी का संकेत है.

ये भी पढ़ें- RR vs RCB: राजस्थान का ‘हल्ला बोल’ जारी! गुवाहाटी में वैभव और जुरेल के तूफान में उड़ी बेंगलुरु, जानें कल के मैच की पूरी हाईलाइट्स

डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी से जगी उम्मीद

धोनी की चोट के बीच सीएसके के लिए एक राहत भरी खबर भी है. साउथ अफ्रीका के युवा सनसनी डेवाल्ड ब्रेविस, जो साइड स्ट्रेन की वजह से शुरुआती मैचों से बाहर थे, अब फिट नजर आ रहे हैं. ब्रेविस ने खुद फैंस को संदेश दिया है कि वह 11 अप्रैल के मैच के लिए तैयार हैं. जहां धोनी की वापसी में अभी कुछ दिन और शेष हैं, वहीं ‘बेबी एबी’ के आने से चेन्नई की लड़खड़ाती बल्लेबाजी को थोड़ी मजबूती जरूर मिल सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read