PT Usha
PT Usha Meets Amit Shah: भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष और पूर्व एथलीट पीटी उषा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के प्रदर्शन, जापान में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारियों और 2036 ओलंपिक की मेजबानी को लेकर चर्चा हुई. पीटी उषा ने कहा कि भारत की खेलों में वैश्विक पहचान मजबूत करने के लिए तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है.
अमित शाह को दी CWG 2026 की जानकारी
बैठक के बाद पीटी उषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की सफलता और आगामी एशियन गेम्स की तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भारत ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है.
ग्लासगो में भारत का शानदार प्रदर्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने 13 गोल्ड समेत कुल 39 मेडल जीते और मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा. खास बात यह रही कि शूटिंग, बैडमिंटन, हॉकी और रेसलिंग जैसे भारत के मजबूत खेल इस बार प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थे.
मुक्केबाजी में भारत का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा. भारतीय बॉक्सरों ने कुल 10 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 7 गोल्ड शामिल रहे. यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारतीय मुक्केबाजी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. वहीं, पैरा-एथलीटों ने भी तीन गोल्ड समेत कुल सात पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया.
यह भी पढ़ें: रोनाल्डो की पर्सनल लाइफ के वो राज, बेटे की मां से लेकर एक्ट्रेस संग अफेयर तक
अब एशियन गेम्स पर नजर
भारत का अगला बड़ा लक्ष्य जापान में होने वाले एशियन गेम्स हैं. इन खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा. IOA की कोशिश है कि भारतीय दल इन खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करे और ओलंपिक की तैयारियों को मजबूत आधार मिले.
2036 ओलंपिक की मेजबानी पर फोकस
IOA भारत में 2036 के समर ओलंपिक की मेजबानी के लिए दावेदारी कर रहा है. अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के तौर पर चुना गया है. भारत ने अक्टूबर 2024 में IOC के Future Host Commission को औपचारिक रूप से अपना Letter of Intent सौंपा था.
2030 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स भी भारत के लिए अपनी आयोजन क्षमता दिखाने का अहम अवसर होंगे. ऐसे में इन बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी 2036 ओलंपिक की दावेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


