भारतीय खेल जगत के लिए शुक्रवार की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई. देश की महान एथलीट, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, श्रीनिवासन शुक्रवार तड़के अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे. आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
उनके अचानक बेहोश होकर गिरने के पीछे सडन कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिवार की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर मौत के कारण की पुष्टि नहीं की गई है. इस खबर के सामने आते ही खेल जगत और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई.
पीटी उषा के जीवन के मजबूत स्तंभ थे श्रीनिवासन
वी. श्रीनिवासन सिर्फ पीटी उषा के जीवनसाथी ही नहीं थे, बल्कि उनके हर सफर में एक मजबूत सहारा भी थे. पीटी उषा और श्रीनिवासन की शादी साल 1991 में हुई थी. दोनों का एक बेटा भी है. पीटी उषा कई मौकों पर सार्वजनिक मंचों से यह कह चुकी हैं कि उनके पति ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी और हर फैसले में उनका साथ निभाया.
कौन थे वी. श्रीनिवासन?
वी. श्रीनिवासन पेशे से एक अनुशासित और जिम्मेदार अधिकारी थे. उन्होंने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डिप्टी एसपी के पद पर सेवाएं दीं और कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे. नौकरी के साथ-साथ खेलों में उनकी गहरी रुचि थी, खासकर एथलेटिक्स में.
हालांकि वह अक्सर लाइमलाइट से दूर रहते थे, लेकिन खेलों को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका अहम रही. श्रीनिवासन ने पीटी उषा के साथ मिलकर उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसने देश को कई उभरते खिलाड़ी दिए.
राज्यसभा के सफर में भी साथ
जब पीटी उषा को राज्यसभा सांसद के रूप में मनोनीत किया गया, तब भी श्रीनिवासन हर कदम पर उनके साथ नजर आए. संसद से जुड़े कार्यक्रम हों या सार्वजनिक जिम्मेदारियां, वह हमेशा पीटी उषा के पीछे एक शांत लेकिन मजबूत सहारा बनकर खड़े रहे.
उनके करीबियों का कहना है कि श्रीनिवासन का स्वभाव बेहद सरल, विनम्र और जमीन से जुड़ा हुआ था. वह सलाह जरूर देते थे, लेकिन कभी सामने आकर श्रेय लेने की कोशिश नहीं करते थे.
खेल जगत में शोक की लहर
वी. श्रीनिवासन के निधन से न सिर्फ पीटी उषा का निजी जीवन बल्कि भारतीय खेल जगत भी एक ऐसे व्यक्ति से वंचित हो गया, जिसने पर्दे के पीछे रहकर खेलों के विकास में योगदान दिया. सोशल मीडिया पर खिलाड़ी, खेल प्रशासक और राजनेता पीटी उषा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब, फैंस में हलचल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


