Bharat Express DD Free Dish

युद्ध के साये से घर तक: पीवी सिंधु की सुरक्षित वापसी, ‘एक्स’ पर बयां किया अनुभव

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु दुबई में फंसे रहने के तीन तनावपूर्ण दिनों के बाद आखिरकार बेंगलुरु सुरक्षित लौट आई हैं. मध्य-पूर्व में बढ़े युद्ध के तनाव के कारण उन्हें अपनी ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप भी छोड़नी पड़ी. सिंधु ने अपने घर लौटने पर राहत की सांस ली है.

PV Sindhu safe Return From Dubai

पिछले तीन दिनों से दुबई में फंसी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (PV Sindhu) घर वापस आ गई हैं. मिडिल-ईस्ट में मचे युद्ध के तनाव के बीच दुबई में फंसीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने बेंगलुरु पहुंचकर राहत की सांस ली है. इस पूरी घटना ने उनके प्रशंसकों को भी काफी चिंतित कर दिया था, लेकिन अब सिंधु के सुरक्षित घर लौटने की खबर से सभी ने राहत महसूस की है.

सपनों की उड़ान के बीच फंसीं सिंधु

पीवी सिंधु बर्मिंघम में होने वाली प्रतिष्ठित ‘ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप’ में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुई थीं. उनका सफर दुबई के रास्ते होकर जाना था, लेकिन मिडिल-ईस्ट में अचानक बिगड़े हालातों और युद्ध की स्थिति ने सब कुछ बदल कर रख दिया. ईरान और इसराइल के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट्स का संचालन ही रोक दिया गया. इसके कारण सिंधु और उनके कोच इरवांशय आदि प्रतामा के लिए वापसी और आगे के सफर के रास्ते बंद हो गए.

तीन दिन की ‘अनिश्चितता’ और डर

सिंधु के लिए ये तीन दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं थे. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा कि यह वक्त उनके लिए बेहद तनावपूर्ण और डरावना रहा. उन्होंने बताया कि उनके ठहरने की जगह के पास धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसने उनके और उनकी टीम के मन में डर पैदा कर दिया था.

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सिंधु ने लिखा, “बैक होम इन बेंगलुरु एंड सेफ. पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे, लेकिन मैं अपने घर वापस लौटकर बेहद आभारी हूं.” यह पोस्ट उनकी उस घबराहट को बखूबी बयां करता है जो एक खिलाड़ी मैदान की चुनौतियों के लिए तैयार रहता है, लेकिन युद्ध जैसी स्थितियों के लिए नहीं.

खेल के सपनों पर लगा विराम

हवाई यात्रा के निलंबन और दुबई में फंसे होने के कारण, सिंधु को ‘ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप’ से अपना नाम वापस लेना पड़ा है. यह टूर्नामेंट 3 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसमें भाग लेने का सपना लिए वह निकली थीं, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें अपने घर वापस लौटना पड़ा. एक खिलाड़ी के लिए टूर्नामेंट मिस करना कितना दर्दनाक होता है, यह हर कोई समझ सकता है, लेकिन इस समय उनकी जान और सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता थी.

प्रशासन और एयरपोर्ट स्टाफ का जताया आभार

मुश्किल समय में मदद के लिए सिंधु ने दुबई प्रशासन, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन टीम और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने इस तनावपूर्ण स्थिति में उनकी मदद की. 28 फरवरी को उन्होंने अपनी घबराहट साझा करते हुए कहा था कि यह अनुभव हमें एहसास दिलाता है कि हमारा सामान्य जीवन कितना नाजुक और अनमोल है.

ये भी पढ़ें: ‘भला होता खेलते ही नहीं..’, भारत से हार, खिलाड़ियों पर निकली पाकिस्तान की खुन्नस; जुर्माने की रकम ने मचाई हाय तौबा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read