भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रोत्साहन भरे शब्द उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा देते हैं. प्रधानमंत्री ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में जापान ओपन जीतने पर सिंधु की सराहना की थी.
पीएम मोदी ने कहा कि जापान ओपन का खिताब जीतकर सिंधु ने इतिहास रच दिया है. वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं. उन्होंने उनकी इस उपलब्धि को पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया.
मेहनत करने की प्रेरणा देते हैं- सिंधु
प्रधानमंत्री की तारीफ के बाद सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि ‘मन की बात’ में उनका जिक्र होना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं और उत्साहवर्धन उन्हें आगे भी कड़ी मेहनत करने और भारत के लिए नई सफलताएं हासिल करने का हौसला देता है. साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के लगातार समर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद भी दिया.
Thank you very much, Sir, for your kind wishes and encouragement. It is truly an honour to be mentioned by you on Mann Ki Baat.
Your words inspire and motivate me to keep working harder, striving for excellence, and making India proud.
Grateful for your constant support and… https://t.co/JimavO7Qp5
— PV Sindhu (@Pvsindhu1) July 26, 2026
जापान ओपन में जीता मैच
जापान ओपन के फाइनल में सिंधु ने मेजबान जापान की स्टार खिलाड़ी अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया. पूरे मुकाबले में उन्होंने शानदार नियंत्रण बनाए रखा और अपनी प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. यह जीत सिंधु के लिए कई मायनों में खास रही. पिछले दो वर्षों में यह उनका पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब है. इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीता था.
ये भी पढ़ें: फिर लहराएगा हर घर में तिरंगा! ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने 15 अगस्त का बताया क्या है प्लान?
इस टूर्नामेंट में सिंधु ने शानदार प्रदर्शन किया. प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को हराया. इसके बाद क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में उनकी विरोधी खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण उन्हें अगले दौर में पहुंचने का मौका मिला. हालांकि, फाइनल में सिंधु ने अपने दमदार खेल से साबित कर दिया कि वह खिताब की सच्ची हकदार हैं. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे देश में खुशी का माहौल है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



