T20 World Cup Pakistan: आगामी टी20 विश्व कप में बांग्लादेश को बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किये जाने पर पाकिस्तान आग-बबूला है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने ICC को गीदड़भभकी दी है. नकवी ने कहा कि विश्व कप में पाकिस्तानी टीम शामिल होगी या नहीं यह पाकिस्तान सरकार तय करेगी. नकवी ने पाकिस्तान में मीडिया से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है. बांग्लादेश विश्व क्रिकेट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.
बांग्लादेश ने टी 20 वर्ल्ड कप में भारत जाने से इनकार कर दिया था. उसने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी. जिसे ICC ने नकार दिया और बांग्लादेश को एक बार फिर टी 20 विश्व कप में शामिल होने के अपने फैसलों पर विचार करने को कहा था. लेकिन बांग्लादेश नहीं माना. जिसके बाद ICC ने बांग्लादेश को टी 20 वर्ल्ड कप से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका दिया.
पाकिस्तान ने किया था बांग्लादेश का समर्थन
पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगा. BCCI के साथ इस हाइब्रिड मॉडल के तहत पहले ही सहमति बन चुकी थी. इसी तरह की मांग बाद में बांग्लादेश ने भी किया था. जिसको लेकर मतदान भी हुआ. मतदान के दौरान बांग्लादेश का समर्थन करने वाला एक मात्र देश पाकिस्तान था.
पीसीबी अध्यक्ष नकवी ने ICC के निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीसी ने एक ही देश को बहुत अधिक छूट दे रखी है.
एक देश कर रहा मनमानी- नकवी
नकवी ने कहा कि एक देश अपनी मनमानी कर रहा है. जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के मैचों को लेकर स्थान बदला तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि PCB आईसीसी के अधीन नहीं है. यह केवल पाक सरकार के प्रति जवाबदेह है. प्रधानमंत्री के लौटने पर वो इस मामले पर निर्णय लेंगे और सरकार जो निर्णय लेगी, उसका पालन करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


