8th Pay Commission Arrears: bharat express
8th Pay Commission Arrears: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच 8वें वेतन आयोग को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई वेतन व्यवस्था लागू होने पर सैलरी कितनी बढ़ेगी और अगर इसे लागू करने में देरी हुई तो कर्मचारियों को कितना एरियर मिल सकता है। कुछ अनुमानों में यह रकम करीब 17 लाख रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है.
1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की चर्चा
नए वेतन आयोग को सामान्य तौर पर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा रहा है। हालांकि, आयोग की रिपोर्ट तैयार होने और सरकार द्वारा सिफारिशों को लागू करने में समय लग सकता है। यदि लागू करने की तारीख आगे बढ़ती है, तो 1 जनवरी 2026 से वास्तविक क्रियान्वयन तक की अवधि का अंतर कर्मचारियों के लिए एरियर का आधार बन सकता है.
कैसे निकलेगा एरियर का हिसाब?
बेसिक पे में होने वाली संभावित बढ़ोतरी को समझने के लिए एक सामान्य फॉर्मूला इस्तेमाल किया जा सकता है:
(नई बेसिक पे – पुरानी बेसिक पे) × देरी के महीने = अनुमानित बेसिक एरियर
हालांकि, वास्तविक भुगतान में भत्तों और सरकार द्वारा तय नियमों को भी ध्यान में रखा जाएगा. सबसे अहम भूमिका फिटमेंट फैक्टर की होगी.
लेवल 6 और 7 में कितना एरियर?
लेवल 6 की मौजूदा बेसिक पे 35,400 रुपये है। 2.15 के अनुमानित फिटमेंट फैक्टर पर 20 महीने का बेसिक अंतर करीब 8.14 लाख रुपये और 24 महीने में करीब 9.77 लाख रुपये हो सकता है। वहीं 2.57 फैक्टर पर यही रकम क्रमशः करीब 11.12 लाख और 13.34 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. लेवल 7 में मौजूदा बेसिक पे 44,900 रुपये है। 2.15 फैक्टर पर 20 महीने का अनुमानित एरियर करीब 10.33 लाख और 24 महीने में 12.39 लाख रुपये बैठता है। 2.57 फैक्टर और 24 महीने की देरी की स्थिति में यह करीब 16.92 लाख रुपये हो सकता है.
यह भी पढ़ें: महंगाई की तगड़ी मार! टोंड मिल्क से लेकर दही तक सब हो गया महंगा, ये है ताजा रेट?
भत्तों का हिसाब अलग होगा
यह गणना केवल बेसिक पे में संभावित बदलाव पर आधारित है। HRA, महंगाई भत्ता और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्तों का भुगतान अलग नियमों के अनुसार तय होगा। इसलिए कुल एरियर इन अनुमानों से अलग हो सकता है. फिलहाल फिटमेंट फैक्टर और अंतिम क्रियान्वयन तारीख को लेकर आधिकारिक निर्णय का इंतजार है। इसलिए 17 लाख रुपये तक के एरियर के दावे को अनुमान के तौर पर ही देखना चाहिए, तय भुगतान के रूप में नहीं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



