अगर आप नौकरीपेशा हैं, तो आपने ये अनुभव जरूर किया होगा कि अपना ही जमा किया हुआ पीएफ (PF) का पैसा निकालना किसी पहाड़ तोड़ने जैसा काम लगता है. लेकिन अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी पूरी सूरत बदलने जा रहा है. सरकार इस साल ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करने की तैयारी में है, जो आपके पीएफ के अनुभव को पूरी तरह डिजिटल और बेहद आसान बना देगा.
अब बैंक की तरह कहीं से भी होगा काम
EPFO 3.0 की सबसे बड़ी और राहत देने वाली बात ये है कि अब यह किसी सरकारी दफ्तर नहीं बल्कि एक मॉडर्न बैंक की तरह काम करेगा. अभी तक नियम यह था कि अगर आपके पीएफ खाते में कोई दिक्कत है, तो आपको उसी शहर के ईपीएफओ ऑफिस जाना पड़ता था जहाँ आपका पीएफ अकाउंट खुला है. लेकिन नए सिस्टम के बाद, आप देश के किसी भी कोने में हों, किसी भी ऑफिस से अपना काम करा सकेंगे. यह उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो नौकरी के चक्कर में अक्सर शहर बदलते रहते हैं.
इतना ही नहीं, वेबसाइट को अब ‘देसी’ टच दिया जा रहा है. एआई (AI) की मदद से अब पोर्टल पर सारी जानकारी केवल अंग्रेजी में नहीं, बल्कि हिंदी, मराठी, तमिल और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी मिलेगी.
UPI और ATM से निकलेगा पैसा
अब आने वाले समय में आप अपने पीएफ का पैसा UPI (BHIM App) के जरिए निकाल सकेंगे. खबर है कि अप्रैल 2026 तक यह सुविधा शुरू हो सकती है, जिसके बाद आप एटीएम से भी अपना पीएफ अमाउंट निकाल पाएंगे. यानी अब पीएफ का पैसा आपकी जेब से बस एक क्लिक की दूरी पर होगा.
पहले पीएफ निकालने के लिए 13 अलग-अलग पेचीदा नियम और कारण हुआ करते थे, जिन्हें समझना आम आदमी के बस की बात नहीं थी. अब सरकार ने इसे समेटकर सिर्फ 3 आसान कैटेगरी में बांट दिया है:
- जरूरी जरूरतें (Essential Needs): इलाज, बच्चों की पढ़ाई या शादी के लिए.
- घर का सपना (Housing Needs): नया घर खरीदने, बनवाने या होम लोन की किस्त चुकाने के लिए.
- खास हालात (Special Situations): अगर नौकरी चली जाए, तो घर चलाने के लिए.
एक और बड़ा बदलाव यह है कि अब शिक्षा के लिए 10 बार और शादी के लिए 5 बार तक पैसा निकाला जा सकता है. पहले इसके लिए सालों की नौकरी की शर्त थी, लेकिन अब किसी भी कैटेगरी के लिए सिर्फ 12 महीने की सर्विस ही काफी है.
खुद ठीक करें अपनी गलतियां
अक्सर नाम की स्पेलिंग या जन्मतिथि गलत होने की वजह से पीएफ अटक जाता था. अब इसके लिए आपको कंपनी के बास या ईपीएफओ के बाबू के आगे हाथ जोड़ने की जरूरत नहीं है. आप खुद ऑनलाइन जाकर अपना नाम, माता-पिता का नाम, शादी का स्टेटस और जॉइनिंग डेट जैसी जानकारियां ठीक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के स्टील प्लांट में विस्फोट से 7 मजदूरों की मौत, भूपेश बघेल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


