आज सोने-चांदी की कीमत
Gold Silver Price Today: सराफा बाजार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. सोने और चांदी की चमक लगातार दूसरे दिन फीकी पड़ती नजर आ रही है, जिससे निवेशकों की धड़कनें थोड़ी बढ़ी हुई हैं. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने के भाव में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई. सोना सीधे 1,184 रुपये लुढ़ककर 1,52,282 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है. वहीं, चांदी के दाम भी 2,426 रुपये फिसलकर 2,33,021 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहे हैं.
ग्लोबल मार्केट और मुनाफावसूली का असर
सिर्फ घरेलू बाजार ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव साफ देखा जा सकता है. ग्लोबल मार्केट में गोल्ड 0.92 फीसदी फिसलकर 4,379 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.34 फीसदी की गिरावट के साथ 64.125 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है. जानकारों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों में कीमतों में आई भारी तेजी के बाद निवेशक अब जमकर प्रॉफिट बुकिंग (मुनाफावसूली) कर रहे हैं, जिसका असर सीधे तौर पर बाजार पर पड़ रहा है.
क्या है सोने-चांदी का हाल
अगर देश के अलग-अलग शहरों की बात करें, तो कीमतों में हल्के-फुल्के उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं. 22 कैरेट सोने का भाव ₹14,030 प्रति ग्राम चल रहा है. इसमें मेकिंग चार्ज और जीएसटी जुड़ने के बाद 10 ग्राम सोने की कुल कीमत करीब ₹1,61,850 तक बैठती है. वहीं सराफा बाजारों में चांदी ₹255 प्रति ग्राम यानी 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर पर बनी हुई है.
ये भी पढे़ं- ATM से मिलेगा आपका राशन! अंगूठा लगाइए और चावल पाइए, क्या है छत्तीसगढ़ की हाई-टेक सुविधा?
आगे क्या रह सकती है बाजार की चाल?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका से आए जुलाई महीने के महंगाई के आंकड़ों ने निवेशकों को थोड़ी राहत जरूर दी है, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें कम हुई हैं. इसके अलावा डॉलर की चाल, क्रूड ऑयल के दाम और ग्लोबल लेवल पर चल रही उथल-पुथल भी सोने-चांदी की कीमतों को लगातार प्रभावित कर रही है.
विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू बाजार में सोने के लिए ₹1,52,000 का स्तर एक मजबूत सपोर्ट जोन का काम कर रहा है. ऐसे में अगर आप भी खरीदारी का मन बना रहे हैं तो बाजार के इन उतार-चढ़ाव पर नजर रखना बेहद जरूरी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


