Gold Silver Price Today: अगर आप पिछले कुछ दिनों से सोना या चांदी खरीदने की प्लानिंग कर रहे थे और कीमतों के गिरने का इंतज़ार कर रहे थे, तो आपके लिए एक बड़ी अपडेट है. बाजार में पिछले काफी समय से जारी गिरावट के दौर पर अब ब्रेक लग गया है. मंगलवार को जैसे ही कारोबार शुरू हुआ, कीमती धातुओं की कीमतों में ऐसी ‘तूफानी’ तेजी देखी गई कि निवेशक भी हैरान रह गए. खासकर चांदी ने तो रफ़्तार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
चांदी में एक दिन की सबसे बड़ी उछाल
बाजार खुलने के साथ ही चांदी की कीमतों में जो उछाल आया, उसने हर किसी को चौंका दिया. सोमवार को चांदी गिरकर करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई थी, जिससे लग रहा था कि अभी यह और नीचे जाएगी. लेकिन मंगलवार सुबह पासा पलट गया. 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी महज एक झटके में अपने पिछले बंद भाव से 21,000 रुपये से भी ज्यादा महंगी हो गई.
आंकड़ों की बात करें तो सोमवार को चांदी 2,36,261 रुपये पर बंद हुई थी, जो मंगलवार को खुलते ही सीधा 2,57,480 रुपये प्रति किलो पर जा पहुंची. सोने की चमक भी कुछ कम नहीं रही, पीली धातु की कीमतों में भी शुरुआत में ही 5,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई.
हाई लेवल से अब भी काफी दूर है दाम
भले ही मंगलवार को कीमतों में जबरदस्त उछाल आया हो, लेकिन अगर आप इसे लॉन्ग टर्म नज़रिए से देखें, तो चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी सस्ती मिल रही है. याद दिला दें कि इसी साल 29 जनवरी को चांदी ने इतिहास रचा था, जब इसकी कीमत पहली बार 4 लाख रुपये के पार निकलकर 4,30,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक जा पहुंची थी.
उस ऐतिहासिक स्तर के मुकाबले देखा जाए तो आज की तेजी के बावजूद चांदी अब भी करीब 1.62 लाख रुपये सस्ती मिल रही है. बाज़ार के जानकारों का मानना है कि वैश्विक उतार-चढ़ाव और घरेलू मांग में आए बदलाव की वजह से कीमतों में यह हलचल देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- Budget 2026: विदेश घूमना और पढ़ाई हुई सस्ती, TCS-TDS पर सरकार का बड़ा ऐलान
आम आदमी के लिए क्या है संकेत?
शादियों के सीजन के बीच कीमतों में इस तरह का अचानक उछाल मिडिल क्लास परिवारों की जेब पर थोड़ा असर ज़रूर डाल सकता है. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आप निवेश के नज़रिए से देख रहे हैं, तो अभी भी कीमतें अपने शिखर से काफी नीचे हैं. ऐसे में बाजार की रफ़्तार को देखते हुए ही कोई भी फैसला लेना समझदारी होगी. कुल मिलाकर, फिलहाल तो सोने-चांदी की ‘सस्ती’ राह पर ब्रेक लग चुका है और बाजार फिर से तेजी के मूड में दिख रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



