Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

WhatsApp पर ‘NO’ टाइप करते ही खाली हो जाएगा बैंक खाता! भूलकर भी न करें ये गलती; जानें कैसे रहें सुरक्षित

साइबर ठगों ने वॉट्सऐप पर लोगों को ठगने का नया तरीका निकाला है. बैंक खाते से पैसे कटने का फर्जी मैसेज भेजकर डराया जा रहा है. जानिए इससे बचने के उपाय.

WhatsApp Fraud Alert

एक WhatsApp मैसेज से खाली हो जाएगा बैंक खाता!

WhatsApp Fraud Alert: वॉट्सऐप का इस्तेमाल आज लगभग हर कोई करता है. साइबर ठग भी इसी का फायदा उठाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इन दिनों बैंक खाते से पैसे कटने का दावा करने वाले फर्जी मैसेज के जरिए लोगों को डराया जा रहा है. मैसेज में कहा जाता है कि आपके खाते से कोई अनजान ट्रांजैक्शन हुआ है. इसे रोकने के लिए ‘NO’ लिखकर जवाब देने को कहा जाता है.

ऐसा मैसेज देखकर कोई भी घबरा सकता है. लेकिन बिना जांच किए जवाब देना या उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करना भारी पड़ सकता है. हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने भी लोगों को ऐसे संदिग्ध मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है.

कैसे लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं ठग?

इस तरह के मैसेज आमतौर पर अनजान नंबरों से भेजे जाते हैं. इनमें दावा किया जाता है कि आपके बैंक खाते से पैसे कट गए हैं. इसके बाद पूछा जाता है कि क्या आपने यह ट्रांजैक्शन किया है. अगर नहीं, तो तुरंत ‘NO’ लिखकर जवाब देने के लिए कहा जाता है.

ध्यान देने वाली बात यह है कि सिर्फ ‘NO’ लिखकर जवाब देने से फोन में वायरस आ जाता है या बैंक खाता खाली हो जाता है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. असली खतरा तब बढ़ता है, जब लोग ऐसे मैसेज के साथ आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर देते हैं, अनजान फाइल डाउनलोड करते हैं या अपनी बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा कर देते हैं.

बैंक खाते को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके

1. अनजान नंबर से आए मैसेज का जवाब देने में जल्दबाजी न करें

अगर कोई मैसेज पैसे कटने की जानकारी देकर आपको तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहता है, तो पहले उसकी सच्चाई जांचें. किसी अनजान नंबर पर जवाब देने के बजाय बैंक के आधिकारिक माध्यम से संपर्क करें.

2. OTP, PIN और पासवर्ड किसी को न बताएं

बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले लोग भी ठगी की कोशिश कर सकते हैं. किसी के साथ OTP, ATM PIN, पासवर्ड या कार्ड की गोपनीय जानकारी साझा न करें.

3. बैंक की आधिकारिक ऐप से ट्रांजैक्शन चेक करें

पैसे कटने का मैसेज मिलने पर घबराने के बजाय बैंक की आधिकारिक ऐप या वेबसाइट खोलकर खाते की जांच करें. मैसेज में दिए गए लिंक के जरिए बैंकिंग जानकारी देखने की कोशिश न करें.

4. संदिग्ध नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करें

अगर मैसेज फर्जी लगता है, तो WhatsApp पर उसकी रिपोर्ट करें और संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दें. साथ ही, फोन और ऐप को अपडेट रखें.

5. अनजान लिंक या ऐप डाउनलोड करने से बचें

WhatsApp पर भेजे गए संदिग्ध लिंक, फाइल और ऐप से दूर रहें. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप इंस्टॉल न करें और न ही उसे फोन की जरूरी परमिशन दें.

ये भी पढ़ें- पीएम किसान की 24वीं किस्त पर आई बड़ी अपडेट! 16 दिन बीते, जानिए कब मिल सकता है दिवाली का बड़ा तोहफा

साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत क्या करें?

अगर आपके बैंक खाते से बिना अनुमति के पैसे निकल गए हैं, तो सबसे पहले अपने बैंक को इसकी जानकारी दें. इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें. आप सरकारी वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

मैसेज के स्क्रीनशॉट, संदिग्ध नंबर और ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी संभालकर रखें. शिकायत करने में देरी न करें, क्योंकि समय पर कार्रवाई करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बेहतर हो सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital