दरअसल, नोएडा के एलिवेटेड रोड पर कार के अंदर युवक-युवती की गोली लगी लाशें मिलने से सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, लेकिन सुसाइड नोट, पारिवारिक असहमति और परिजनों के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है. इसके बाद पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
लाशों के साथ पिस्टल बरामद
बीते दिन पुलिस को सूचना मिली कि दादरी रोड के पास एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी है. जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर दोनों के सिर में गोली के निशान थे और युवक के हाथ में हथियार मिला. दरवाजे अंदर से लॉक थे, जिससे पहले इस मामले को आत्महत्या माना जा रहा है.
जांच में सामने आया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और रिश्ते में थे. अलग-अलग जाति होने की वजह से शादी में दिक्कतें आ रही थी. बताया जा रहा है कि युवक का परिवार तैयार था, लेकिन युवती के घर से सहमति नहीं मिल पा रही थी.
परिजनों को साजिश की आशंका
बता दें कि कार से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें शादी को लेकर निराशा जाहिर की गई है. इसी आधार पर पुलिस प्रेम प्रसंग और मानसिक दबाव की दिशा में जांच कर रही है. हालांकि नोट की हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है. मृत युवक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए युवती के परिवार पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि मामले में केवल आत्महत्या की थ्योरी पर भरोसा करना जल्दबाजी होगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी. फिलहाल दोनों के परिवारों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
Edited By: Shubhra Rai (Intern)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


