Agra Ammonia Gas Leak: ताजनगरी आगरा के पिनाहट इलाके में गुरुवार की रात एक ऐसी दहशत भरी रही कि लोग अपनों की जान बचाने के लिए बदहवास होकर अंधेरे में भागते नजर आए. मामला थाना पिनाहट क्षेत्र के कुकथरी गांव का है, जहां पास ही स्थित एक कोल्ड स्टोर से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. देखते ही देखते गैस की तीखी गंध पूरे गांव में फैल गई, जिससे लोगों का दम घुटने लगा. फिलहाल, करीब 40 लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर है, जिन्हें आनन-फानन में इलाज मुहैया कराया गया है.
आधी रात को गांव में मची चीख-पुकार
रात का वक्त था, गांव के ज्यादातर लोग चैन की नींद सो रहे थे. तभी अचानक हवा में एक अजीब सी कड़वाहट महसूस होने लगी. जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक अमोनिया गैस की तेज गंध ने घरों को अपनी चपेट में ले लिया. लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी. देखते ही देखते कुकथरी गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अपनी और अपने बच्चों की सलामती के लिए लोग बिना कुछ सोचे-समझे घर छोड़कर खुले खेतों की ओर दौड़ने लगे. गांव में दहशत इतनी थी कि कई लोग तो मीलों दूर सुरक्षित स्थानों की ओर पैदल ही निकल पड़े.
स्वास्थ्य विभाग का ‘रेस्क्यू’ ऑपरेशन
गैस रिसाव की खबर जैसे ही प्रशासन तक पहुंची, पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके की ओर दौड़ पड़ीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की कई टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया. मौके पर पहुंचे राहतकर्मियों को भी शुरुआत में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि गैस का असर बहुत ज्यादा था.
करीब 40 ग्रामीणों ने सांस लेने में तकलीफ और घबराहट की शिकायत की. राहत की बात यह है कि स्वास्थ्य टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार दिया. गनीमत रही कि इस हादसे में अभी तक किसी की जान जाने या किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन दहशत अब भी लोगों के चेहरों पर साफ देखी जा सकती है.
मौके पर पहुंचे आलाधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही आगरा के जिलाधिकारी (DM) अरविंद मलप्पा बंगारी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामबदन सिंह और डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल भारी पुलिस बल के साथ कुकथरी गांव पहुंचे. अधिकारियों ने खुद हालात का जायजा लिया और दमकल विभाग को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द रिसाव वाले पॉइंट को सील किया जाए.
जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और तकनीकी टीमें रिसाव के कारणों की बारीकी से जांच कर रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या कोल्ड स्टोर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी या यह महज एक तकनीकी खराबी थी.
ये भी पढ़ें: जनता भटक रही दर-दर नेताजी ले रहे मौज! यूपी के हापुड़ में सपा नेता के घर से मिले 55 भरे सिलेंडर, कर रहे थे कालाबाजारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



