Bharat Express DD Free Dish

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, कैंपस में फैली सनसनी

UP News: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में ABK यूनियन हाई स्कूल के शिक्षक दानिश राव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर स्कूटी से आए और फायरिंग कर फरार हो गए.

UP News: अलीगढ़ में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) कैंपस उस समय दहशत में आ गया, जब ABK यूनियन हाई स्कूल के शिक्षक दानिश राव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाइब्रेरी कैंटीन के पास हुई, जहां दानिश राव अपने दोस्तों के साथ बैठे थे.

स्कूटी से आए हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक स्कूटी पर सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी बहस के दानिश राव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई.

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर हालत में दानिश राव को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में गोली लगने की वजह से उनकी हालत बेहद नाजुक रही और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें-शॉर्टकट बना मौत का रास्ता, ट्रेन की चपेट आने से पूरा परिवार खत्म

कैंपस में शोक और आक्रोश

दानिश राव की मौत की खबर फैलते ही AMU कैंपस में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और यूनिवर्सिटी स्टाफ मेडिकल कॉलेज और घटनास्थल पर पहुंच गए. इस घटना ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read