रिपोर्ट- अरुण चाहल
अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के छोटे से गांव पिपलौती कलां में एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. मामला इतना सनसनीखेज था कि सुनते ही हर किसी की रूह कांप उठती है. पुलिस ने अब इस कातिलाना साजिश का पूरा खुलासा कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह थी रिश्तों की मर्यादा की तार-तार होना. मृतक मेराज की पत्नी रूही अपने ही बहन के देवर फरमान के साथ अवैध संबंध में थी. इस बात को लेकर मेराज और रूही के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. आखिरकार रूही ने अपने प्रेमी फरमान और उसके साथी अदनान के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली.
क्या है पूरा मामला?
घटना शनिवार रात की है. पुलिस के मुताबिक, रूही ने पहले अपने पति को चाय में नींद की गोली मिलाकर पिला दी. जैसे ही मेराज गहरी नींद में चला गया, फरमान और अदनान घर पहुंचे. तीनों ने मिलकर मेराज का हाथ-पैर बांध दिया और धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी. शरीर के कई हिस्सों पर वार कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी उसे बचा ना सके.
हत्या के बाद रूही ने खुद को निर्दोष दिखाने की पूरी कोशिश की. वह शव के पास ही लेट गई और सुबह पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाश रात में घर में घुसे, लूटपाट की और उसके पति की हत्या कर दी. उस वक्त दोनों छोटे बच्चे भी पास में सो रहे थे.
पुलिस की सख्ती और खुलासा
शुरुआत से ही पुलिस को पत्नी की भूमिका संदिग्ध लगी. सख्ती से पूछताछ के बाद रूही टूट गई और उसने अपने और फरमान के बीच के रिश्ते और हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने रूही, फरमान और अदनान तीनों को गिरफ्तार कर लिया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


