Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

AMU के शिक्षक दानिश अली हत्याकांड का मुख्य आरोपी ढेर, मेरठ में STF ने कुख्यात जुबैर को मुठभेड़ में मारा

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के चर्चित शिक्षक दानिश अली हत्याकांड के मुख्य आरोपी जुबैर को आखिरकार STF मेरठ यूनिट ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया.

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में हुए चर्चित शिक्षक दानिश अली हत्याकांड के मुख्य आरोपी जुबैर की आखिरकार पुलिस से मुठभेड़ में मौत हो गई. उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मेरठ यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में उसे घेर लिया.

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.

जुबैर पर आरोप था कि उसने 24 दिसंबर 2025 को अपने साथियों के साथ मिलकर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) परिसर में शिक्षक दानिश अली की गोली मारकर हत्या की थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपता फिर रहा था. पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में भी रह चुका था और अपनी पहचान छुपाकर गतिविधियां चला रहा था.

कुख्यात गैंग से जुड़ा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि जुबैर कोई साधारण अपराधी नहीं था, बल्कि वह कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे. अलीगढ़ पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था, जिससे साफ है कि वह कानून-व्यवस्था के लिए लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ था.

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, दो .32 बोर पिस्टल, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह हथियार हाल ही में किसी बड़ी आपराधिक योजना का हिस्सा हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है.

STF की बड़ी कामयाबी

एसटीएफ मेरठ यूनिट के एडिशनल एसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि टीम लंबे समय से जुबैर की तलाश में जुटी थी. लगातार इनपुट्स और निगरानी के बाद आखिरकार उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और यह कार्रवाई की गई. पुलिस का कहना है कि इस मुठभेड़ के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क पर भी अब और सख्ती से जांच आगे बढ़ेगी.

यह भी पढ़ें: क्या थी प्रतीक यादव की मौत की वजह? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, अब ‘विसरा’ खोलेगा राज

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital