Arvind Kejriwal in Ram Mandir
Ram Mandir Donation Case: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) शुक्रवार (26 जून) को अयोध्या पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और बाद में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और जांच एजेंसियों पर सवाल उठाए.
मंदिर में चोरी महापाप- केजरीवाल
मीडिया से बातचीत में केजरीवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी होना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने इसे “महापाप” बताते हुए कहा कि जो भी लोग इसमें शामिल हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान राम से प्रार्थना की है कि दोषियों को उनके कर्मों की उचित सजा मिले.
“बड़े लोगों को बचाने की कोशिश”
केजरीवाल ने इस मामले में दर्ज एफआईआर पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि अब तक केवल आठ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि इतने लंबे समय तक इस तरह की कथित गड़बड़ी सिर्फ छोटे कर्मचारियों के दम पर नहीं हो सकती. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और पूरा दोष निचले स्तर के कर्मचारियों पर डाला जा रहा है.
उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ हो. यदि जांच के दौरान किसी बड़े अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी बिना किसी भेदभाव के कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
हनुमानगढ़ी में भी किए दर्शन
रामलला के दर्शन के बाद केजरीवाल हनुमानगढ़ी मंदिर भी पहुंचे. वहां उन्होंने बजरंगबली के दर्शन किए, हनुमान चालीसा का पाठ किया और संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि अयोध्या आकर भगवान राम और हनुमानजी के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है.
ये भी पढ़ें: ‘आस्था से खेलने वालों को…’, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में FIR के बाद CM योगी का पहला रिएक्शन, जानें क्या बोले?
राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मामला इन दिनों उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है. SIT की सिफारिश के बाद गुरुवार देर रात आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. जांच एजेंसियां नकदी, वित्तीय लेनदेन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं. आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, उसके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
