अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में हुए कथित चंदा चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब तक का सबसे बड़ा और बारूदी बयान दिया है. शुक्रवार (26 जून 2026) को यूपी के देवरिया पहुंचे सीएम योगी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए चंदा चोरी में शामिल सभी आरोपियों और इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे विपक्ष को खुली चेतावनी दी है. सीएम योगी ने दो टूक कहा कि जन आस्था और सनातन धर्म के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उसका भुक्तभोगी होना तय है.
एसआईटी की गुप्त रिपोर्ट आते ही महा-कार्रवाई शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से गरजते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें अयोध्या में गड़बड़ी की प्राथमिक सूचना मिली थी, उन्होंने तुरंत विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के कड़े आदेश दिए थे. सीएम ने बताया, “मैं बीते 19 जून को खुद अयोध्या गया था और तब भी मैंने साफ कहा था कि अयोध्या वैश्विक स्तर पर करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है. अयोध्या पर कोई आक्षेप मत लगाओ. अब एसआईटी की रिपोर्ट आते ही हमने एफआईआर (FIR) दर्ज कर तुरंत एक्शन शुरू कर दिया है. बहुत जल्द दूध का दूध और पानी का पानी होकर रहेगा.”
‘राम पर गोली चलाने वाले आज हमें आस्था सिखा रहे हैं’
इस मामले पर सियासत चमका रहे विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर बेहद तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज जो लोग अयोध्या पर उंगली उठा रहे हैं, उनकी मंशा बेहद खराब है. ये वही लोग हैं जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व को नकारते हुए कोर्ट में वकीलों की फौज खड़ी की थी. इनमें से एक पक्ष कहता था कि राम हैं ही नहीं, जबकि दूसरा पक्ष ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने वाले रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलवाता था. आज ये पाखंडी लोग हमें आस्था का पाठ पढ़ा रहे हैं.
और क्या बोले योगी आदित्यनाथ?(Yogi’s statement on the Ram Mandir)
योगी आदित्यनाथ ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि जो लोग अपने शासनकाल में रामनवमी पर दंगे करवाते थे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजनों को बैन करते थे, कांवड़ यात्रा निकालने पर रोक लगाते थे और दुर्गा पूजा पंडालों में उपद्रव करवाते थे, आज वे जन आस्था की बात कर रहे हैं.
सीएम योगी ने साफ कर दिया कि प्रभु श्रीराम की मर्यादा का पालन सबको करना होगा. सनातन धर्म के प्रतीकों के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी या साजिश को यूपी सरकार रत्ती भर भी स्वीकार नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो एक नजीर बनेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


