Auraiya Crime News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शराब की लत में अंधे एक कलयुगी बेटे ने पैसे देने से मना करने पर अपनी ही 70 वर्षीय बुजुर्ग मां की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे आरोपी बेटे को पुलिस ने रविवार यानी 4 अक्टूबर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
घटना औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलकपुर की है. बीते 26 सितंबर को पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि गांव के एक घर में बुजुर्ग महिला का शव पड़ा हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान श्रीमती देवी (70), पत्नी स्वर्गीय राम आसरे के रूप में की. वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
छोटे बेटे वीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.
शराब की लत और जमीनी विवाद
पुलिस की पूछताछ में इस खौफनाक वारदात की जो वजह सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया. 45 वर्षीय आरोपी बलवान शराब पीने का बेहद आदी है और वह अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच चुका था.
घटना वाले दिन वह नशे की हालत में मां के पास पहुंचा और शराब के लिए पैसे मांगने लगा. जब मां ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो उनके बीच तीखी बहस हो गई. गुस्से में आकर बलवान ने अपनी मां पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने चिरहूली पुल के पास से दबोचा
वारदात के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. 4 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी और उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील खां की टीम ने चिरहूली पुल के नीचे घेराबंदी कर आरोपी बलवान को धर दबोचा. पुलिस अब आरोपी को जेल भेजने के साथ-साथ उसके आपराधिक इतिहास का ब्योरा खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें: ‘दिवालिया मामले से लगातार मौतों तक..’, क्या है नोएडा के सुपरनोवा का इतिहास?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

