Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

निषादराज रैन बसेरा और शबरी भोजनालय से चिढ़ क्यों? सीएम योगी ने विपक्ष की मानसिकता पर उठाया गंभीर सवाल

Ayodhya News: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या अब उपेक्षित और तिरस्कृत नहीं है. अब रामभक्तों पर कोई लाठी-गोली नहीं चला सकता और न ही कोई प्रभु के अस्तित्व पर अंगुली भी उठा सकता है.

Yogi Adityanath

Yogi Adityanath

Ayodhya News: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या अब उपेक्षित और तिरस्कृत नहीं है. अब रामभक्तों पर कोई लाठी-गोली नहीं चला सकता और न ही कोई प्रभु के अस्तित्व पर अंगुली भी उठा सकता है.

उन्‍होंने कहा कि आज की अयोध्या त्रेतायुग का स्मरण कराती है. हमने रामचरित मानस व रामायण के ग्रंथों में जो पढ़ा, उससे लगता था कि अयोध्या की भव्यता कैसी होगी. 40 वर्ष पहले जब अयोध्या में दर्शन का सौभाग्य मिला तो यहां की स्थिति देखकर दिल को ठेस पहुंची थी. वह समय रामजन्मभूमि आंदोलन का था. तब संघर्षों के साये में सन्नाटा था, लोग भयभीत थे. सरकारों की मंशा अच्छी नहीं थी. लेकिन, मन में अयोध्या को देखने की उत्सुकता थी. गोरक्षपीठ की तीन-तीन पीढ़ियां इस आंदोलन से जुड़ी थीं.

मुख्यमंत्री शुक्रवार को नगर निगम अयोध्या में 290 करोड़ रुपये से अधिक की 245 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने यहां रामायण वैक्स म्यूजियम व जोनल कार्यालय भवन का भी लोकार्पण किया.

अयोध्या में जन्म लेने वाले सौभाग्यशाली

सीएम ने म्यूजियम का अवलोकन और नगर निगम की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया. उन्‍होंंने कहा कि अयोध्या की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए अभी और कार्य करना है. 31 मई को नगर निगम ने महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया था. हजारों लोग गलियों, मोहल्लों में इस कार्यक्रम से जुड़े थे. इससे अयोध्या की छवि अच्छी बनी थी. आप सिर्फ अयोध्या के नागरिक या पार्षद भर नहीं है, बल्कि दुनिया की सबसे अधिक संभावना वाली आध्यात्मिक, सांस्कृतिक नगरी के वासी और प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली से जुड़े नागरिक भी हैं.

उन्‍होंने अयोध्या में जन्म लेने वालों को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि आप प्रभु श्रीराम के चमत्कार को देखने का आनंद प्राप्त कर रहे हैं. हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है, जिसने रामलला के प्रकटीकरण के भव्य आयोजन को देखा है. हमसे पहले की पीढ़ी बिना रुके, डिगे, थके, झुके आंदोलन करती थी. रामकाज में जो भी बाधक बना, रामभक्त उसे उखाड़ फेंकने के संकल्प के साथ लड़ते थे और बलिदान देते थे. पीएम मोदी के सानिध्य में भगवान रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और अयोध्या का गौरव बढ़ा.

अयोध्या की हाल देखकर हुई पीड़ा

सीएम ने कहा कि 2017 में जब प्रधानमंत्री मोदी जी ने मुझे सरकार बनाने के लिए भेजा तो अयोध्या का हाल देखकर पीड़ा हुई. संकरी गलियां, गंदगी का अंबार, केवल पांच-छह घंटे बिजली, राम की पैड़ी में सरयू मैया का ठहरा जल था. हर कोई कोसता था, तब सरकार ने 2017 में दीपोत्सव का आयोजन किया. आज इसमें लाखों लोग सहभागी बनते हैं. सीएम ने कहा कि अयोध्या चारों ओर से फोरलेन और रेलवे की डबल लाइन से जुड़ चुकी है. अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन गया है.

सीएम योगी ने आगे कहा,

जिन्हें महर्षि वाल्मीकि के नाम से चिढ़ थी, अयोध्या का विरोध करते थे. वही लोग आज फिर समाज में जहर घोलकर अयोध्या को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं. ये वही लोग हैं, जिन्हें इस बात की नाराजगी है कि रैन बसेरा निषादराज के और भोजनालय निर्माण मां शबरी के नाम पर क्यों हुआ. ये लोग कभी राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न उठाते थे और भक्तों पर लाठी-गोली चलाते थे.

अयोध्या बनी सोलर सिटी

सीएम योगी ने कहा कि आज की अयोध्या में सब कुछ है. यह सोलर सिटी बन गई. देश-दुनिया का हर सनातन धर्मावलंबी अयोध्या आ रहा है. नगर निगम ने नवाचार करते हुए पीपीपी मोड पर शानदार रामायण वैक्स म्यूजियम बनाया है. प्रयागराज महाकुंभ के दौरान नगर निगम के साथ मिलकर निजी संस्था ने स्क्रैप का इस्तेमाल कर द्वादश ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति को लेकर शिवालिक पार्क बनाया था. उसके निर्माण में जितना खर्च हुआ था, उससे अधिक आय महाकुंभ के दौरान एक महीने के अंदर हुई. आज भी वहां सर्वाधिक भीड़ होती है. झांसी में ब्रह्मांड के नवग्रहों को बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया गया. मुरादाबाद में रामायण वाटिका व संविधान वाटिका देखने को मिली. हर नगर निगम नया काम कर रहा है. अयोध्या में नगर निगम ने रामायण वाटिका के नाम पर अच्छा प्रयास किया है. यहां स्क्रीन लगाने का भी सुझाव दिया. दर्शक जहां पहुंचें, रामायण की चौपाई भी सुनाई दे.

अयोध्या के विकास में नहीं होगी पैसों की कमी

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के विकास में सरकार ने कभी पैसे की कमी नहीं होने दी. 35 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं अयोध्या के लिए दी हैं. योजनाओं की समीक्षा और नई कार्ययोजना के लिए जल्द ही फिर आऊंगा. जो चीजें बनीं हैं, उसके संरक्षण के साथ ही सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक कर पाएंगे तो भावी पीढ़ी लंबे समय तक उसका उपभोग कर पाएगी.

अल-नीनो के प्रभाव से आएगा जल संकट

उन्‍होंने नगर निगम की सराहना करते हुए कहा कि आज की परियोजना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, ट्रैफिक मैंनेजमेंट सिस्टम, अमृत स्कीम, सौंदर्यीकरण, पुनरुद्धार, स्मार्ट सिटी, जोनल कार्यालय के उद्घाटन समेत अनेक चीजें अयोध्या नगर निगम को प्राप्त हो रही हैं. कुछ नयापन देकर ही लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर पाएंगे.

ये भी पढ़ें- शिवसेना में मचे घमासान के बीच उद्धव का बड़ा बयान, बोले- कार्यकर्ता बोलें तो पद छोड़ दूंगा, कांग्रेस ने हमेशा किया मातोश्री का सम्मान

सीएम ने अयोध्या के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता को बनाए रखने का आह्वान किया. उन्‍होंने बताया कि अल-नीनो के प्रभाव से जल संकट आएगा. ऐसे में जल संरक्षण के उपाय करें और प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर नागरिक ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर छायादार, फलदार, औषधि, इमारती लकड़ी वाले पौधे अवश्य लगाएं. इसके साथ ही यहां रामायणकालीन वाटिका भी स्थापित की जाए. मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली सफाई कर्मचारियों ललिता देवी, रागिनी, गीता देवी का सम्मान किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital