UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत शहर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां स्कूल के बच्चों को ले जा रहे, एक टेम्पो ट्रैवलर को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर पलट गया. जिसे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
10 बच्चे हुए घायल
हादसे में ट्रैवलर में सवार करीब 12 स्कूली बच्चों में से 8 से 10 बच्चे घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है. यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब टेम्पो ट्रैवलर बच्चों को लेकर बड़ौत कोतवाली क्षेत्र स्थित श्रीराम इंटर कॉलेज जा रहा था.
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर बच्चों को बिठाने के लिए हाइवे की मिडल लाइन से साइड वाली हाईवे लेन पर आया ही था कि पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही टेम्पो ट्रैवलर संतुलन खो बैठा और हाईवे पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में रात को सोते समय तीन परिवार सदस्यों की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
डॉक्टर ने क्या कहा?
डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है. प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह कम विजिबिलिटी और तेज रफ्तार को माना जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


