Bhind Snehlata Murder Case
Bhind Snehlata Murder Case: पिछले कुछ वर्षों में शादी, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कई हत्याकांड सामने आए हैं. राजा-सोनम रघुवंशी केस, ट्विशा शर्मा हत्याकांड और मेरठ के नीले ड्रम मामले के बाद अब मध्य प्रदेश के भिंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले के तार बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, बिहार के नालंदा की रहने वाली स्नेहलता साल 2023 में नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए भिंड आई थी.
कानपुर घूमने निकली थी महिला, फिर हो गई लापता
जानकारी के मुताबिक, स्नेहलता 8 अक्टूबर को कानपुर घूमने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. उसके लापता होने की शिकायत सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव ने पुलिस थाने में दर्ज कराई थी. शुरुआत में पुलिस इस मामले को गुमशुदगी के तौर पर देख रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. पुलिस जांच में सामने आया कि स्नेहलता और सत्यप्रकाश लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि साल 2023 में जब स्नेहलता नर्सिंग की पढ़ाई करने भिंड आई थी, तभी दोनों की मुलाकात हुई थी. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती बढ़ी और दोनों साथ रहने लगे.
पहले से शादीशुदा था सत्यप्रकाश
पुलिस के अनुसार, सत्यप्रकाश पहले से शादीशुदा था. उसकी शादी साल 2014-15 के आसपास हुई थी. हालांकि, शादी के बाद उसके कोई बच्चा नहीं हुआ था और इस बात का उसे मलाल रहता था. पुलिस अब इस रिश्ते से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके.
पूछताछ में सामने आया नदी में धकेलने का दावा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे. इसके बाद सत्यप्रकाश से सख्ती से पूछताछ की गई. आरोप है कि पूछताछ में उसने स्नेहलता को नदी में धकेलने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कराया. हालांकि, अभी तक स्नेहलता का शव बरामद नहीं हुआ है. पुलिस के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम भी नदी में उसकी तलाश कर रही है.
16 अक्टूबर को भी जारी रहा सर्च ऑपरेशन
स्नेहलता का पता लगाने के लिए 16 अक्टूबर की सुबह भी तलाशी अभियान चलाया गया. फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में खोजबीन कर रही है. शव बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




