(PC: भारत एक्सप्रेस)
West UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी व्यूहरचना तेज कर दी है. वेस्ट यूपी की सियासी जमीन पर फिर से दबदबा कायम करने के लिए बीजेपी की नई ‘तिकड़ी’ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मैदान में उतर चुके हैं. मेरठ और सहारनपुर मंडल की 71 विधानसभा सीटों की नब्ज टटोलने के लिए बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने ‘मिशन-2027’ का बिगुल फूंक दिया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ पश्चिमी यूपी के दो दिवसीय दौरे पर हैं. मेरठ और सहारनपुर मंडल की 71 सीटों के समीकरण सुधारने के लिए वे 2 हजार छात्रों से ‘Gen-Z युवा संवाद’ करेंगे और 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों की मैराथन बैठकें लेंगे. 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता की हैट्रिक लगाने के उद्देश्य से बीजेपी ने यह बड़ा सांगठनिक दांव खेला है.
71 सीटों का सियासी गणित और BJP का बड़ा दांव
पश्चिम यूपी की मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बुलंदशहर और गाजियाबाद समेत 71 विधानसभा सीटें राज्य की सत्ता का रास्ता तय करती हैं. किसान आंदोलनों, सामाजिक-जातीय समीकरणों और मजबूत विपक्ष के गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. सपा की ‘PDA’ रणनीति और आरएलडी-सपा की स्थानीय हलचलों के जवाब में बीजेपी अपने परंपरागत वोट बैंक को एकजुट करने और असंतुष्ट वर्गों को साधने के लिए मैराथन बैठकें कर रही है.
‘Gen-Z’ को साधने सुभारती यूनिवर्सिटी में युवा संवाद
बीजेपी का सबसे बड़ा फोकस पहली बार वोट देने वाले युवाओं और ‘Gen-Z’ पर है. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नितिन नवीन मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में करीब 2 हजार छात्रों के साथ सीधा ‘युवा संवाद’ करेंगे. मंच पर उनके साथ सीएम योगी और पंकज चौधरी भी मौजूद रहेंगे. इस संवाद कार्यक्रम में बिना किसी पार्टी कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के सीधे एआई (AI), शिक्षा, महंगाई और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर छात्रों के सवालों के बेबाक जवाब दिए जाएंगे.
4800 शक्ति केंद्रों और बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को री-चार्ज करने की तैयारी
युवाओं को साधने के अलावा सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नितिन नवीन पश्चिम क्षेत्र के 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों और 350 बूथों के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे. मेरठ के ब्रावुरा रिसोर्ट में होने वाली अहम बैठक में पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों और एमएलसी के साथ डेढ़ घंटे की गहन चर्चा होगी. इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर की कमियों को दूर कर बूथ कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है.
सहारनपुर दौरा और औघड़नाथ मंदिर में दर्शन से मिशन का आगाज
मेरठ में मैराथन बैठकों और रात्रि विश्राम के बाद बीजेपी नेतृत्व सहारनपुर के लिए रवाना होगा. दौरे की शुरुआत ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ होगी. विपक्ष की घेराबंदी को तोड़ने और 2024 लोकसभा चुनाव के बाद बदले सियासी समीकरणों को साधने के लिए बीजेपी का यह आक्रामक अंदाज पश्चिमी यूपी के राजनीतिक माहौल में भारी हलचल पैदा कर रहा है.
यह भी पढ़ें-‘लाल कम, भगवा ज्यादा…’ अखिलेश यादव के PDA रथ पर मायावती का तीखा तंज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




