Hardoi: राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में जुटा हुआ है. उनकी मेहनत और लगन ही उन्हें अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से अलग पहचान देती है. डा. शर्मा ने कहा,
“जैसे पूजा से पहले बरतन साफ किए जाते हैं, वैसे ही कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार किया जाता है. कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच का सेतु हैं.”
डा. शर्मा यह बात जेके ग्रैंड रिजॉर्ट, हरदोई में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कही. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और वैचारिक प्रशिक्षण देते हुए कहा कि प्रशिक्षण का मूल सिद्धांत समन्वय, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और सरकार का निर्माण है. उनका कहना था कि भाजपा संगठन, कार्यकर्ता और विचारधारा पर आधारित दल है. प्रशिक्षण कार्यकर्ता को सोने को आभूषण बनाने के समान है.

संघर्ष से सफलता तक की कहानी
डा. शर्मा ने भाजपा के इतिहास को याद करते हुए कहा कि पार्टी का विस्तार आसान नहीं था. पुराने कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत और संसाधन लगाकर पार्टी को मजबूत किया. उन्होंने बताया कि जनसंघ के समय से ही कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए आगे आए. आजादी के बाद देश को विभाजन और कश्मीर जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. डा. मुखर्जी ने कांग्रेस सरकार के तुष्टीकरण का विरोध किया और इसके बाद जनसंघ की नींव रखी.

उन्होंने बताया कि कश्मीर को लेकर कई बार बलिदान हुए, लेकिन आज वही कश्मीर धारा 370 हटने के बाद भारत का हिस्सा बन चुका है. डा. शर्मा ने कहा कि जनसंघ के समय के कई प्रस्ताव जैसे भारत को परमाणु सम्पन्न बनाना आज साकार हो गए हैं.

अनुशासन और समर्पण का संदेश
डा. शर्मा ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि भाजपा का कार्यकर्ता डंडा और नेता झंडा है. जब यह संबंध मजबूत होता है, तब पार्टी आगे बढ़ती है. उन्होंने 2014 के पूर्ण बहुमत की सरकार और आज 22 राज्यों में भाजपा की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया. डा. शर्मा ने साफ कहा कि 2027 का चुनाव भी इसी नई ऊर्जा और एकजुटता के साथ जीतना है.

अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उदाहरण देते हुए कहा कि देश ने कोरोना महामारी में उनके नेतृत्व का करिश्मा देखा है. उन्होंने सभी से अपील की कि पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करें और अनावश्यक सोना ना खरीदें.
ये भी पढ़ें- 20 लाख की सनसनीखेज चोरी और बुजुर्गों को लूटने वाले दंपत्ति का पर्दाफाश, जानें कैसे हुई वारदात?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


