Urdu Conclave 2026

20 लाख की सनसनीखेज चोरी और बुजुर्गों को लूटने वाले दंपत्ति का पर्दाफाश, जानें कैसे हुई वारदात?

Theft in Mumbai:मानोरा में कार का शीशा तोड़कर 20 लाख की बड़ी चोरी और दिल्ली में बुजुर्गों को लूटने वाले दंपत्ति की गिरफ्तारी. पुलिस दोनों मामलों में सघन जांच कर रही है.

Theft in Mumbai

Theft in Mumbai:  देश में चोरी की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं. महाराष्ट्र के वाशिम में चोरों ने कार का शीशा तोड़कर व्यापारी के 20 लाख रूपये उड़ा दिए, जिसकी लाइव फुटेज सीसीटीवी में कैद हुई है. वहीं, दिल्ली पुलिस ने ई-रिक्शा में बुजुर्गों को लूटने वाले एक शातिर दंपत्ति को गिरफ्तार कर उनके पास से 90 हजार रुपये बरामद किए हैं.

मानोरा में एक व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने 20 लाख रूपये की नकदी से भरा बैग चंद सेकंड में साफ कर दिया. वहीं दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर दंपत्ति को गिरफ्तार किया है जो ई-रिक्शा में बुजुर्गों का बैग काटकर पैसे चोरी करते थे. इनके पास से 90 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. दोनों ही मामलों में पुलिस सीसीटीवी और पूछताछ के जरिए आगे की जांच कर रही है.

20 लाख रुपए की नकदी निकाली

जानकारी के मुताबिक, मानोरा निवासी व्यापारी चेतन हेडा ने एक्सिस बैंक से 20 लाख रुपए की नकदी निकाली थी. इसके बाद उन्होंने राधाकृष्ण होटल के सामने अपनी कार खड़ी की. इसी दौरान वे आम खरीदने के लिए सड़क पार कर गए. मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग चंद सेकेंड में लेकर फरार हो गए.

भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.

बुजुर्ग के एक लाख रुपए चोरी

बता दें कि चोरी का एक इसी प्रकार का मामला बीते दिन रविवार को दिल्ली से सामने आया था, जहां दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे दंपत्ति को गिरफ्तार किया, जो बुजुर्ग यात्रियों को निशाना बनाकर उनसे पैसे चोरी करते थे. आरोपियों की पहचान पति सुरेश (25) और पत्नी रजनी उर्फ अंजली (22) के रूप में हुई है. हाल ही में दोनों आरोपियों ने ई-रिक्शा में यात्रा करके एक बुजुर्ग यात्री से एक लाख रुपए चोरी कर लिए थे.

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने शिवाजी मार्ग मोती नगर के पास से फन सिनेमा रेड लाइट तक जाने के लिए एक ई-रिक्शा किराए पर लिया था. उसके पास एक छोटा बैग था, जिसमें एक लाख रुपए रखे हुए थे. अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने के बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि उसका बैग फटा हुआ है और उसमें रखे 1 लाख रुपए गायब हैं. इसके बाद पीड़ित ने कीर्ति नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी.

90 हजार रुपए की राशि बरामद

पुलिस ने जांच के क्रम में अपराध में संलिप्त ई-रिक्शा भी बरामद किया. अब पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है और दोनों से पूछताछ कर मामले के संदर्भ में पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने इस बात को कबूला है कि वो आमतौर पर चोरी करने के लिए बुजुर्ग यात्रियों को ही निशाना बनाते थे. पुलिस ने दोनों के पास से 90 हजार रुपए की राशि भी बरामद की है.

यह भी पढ़ें: ‘प्यार से मानेंगे ठीक, नहीं तो…’ बकरीद से पहले सड़क पर नमाज पर CM योगी का अल्टीमेटम

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read