Bharat Express DD Free Dish

‘कारसेवकों पर गोली चलाकर खुद को रामभक्त बता रहे’, रामपुर में सपा-कांग्रेस पर भड़के सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कभी रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज राजनीतिक मजबूरी में आस्था की वकालत कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सपा सरकार में ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ नौकरियों में वसूली करती थी.

CM Yogi Adityanath Attacks SP Congress Over Ram Mandir And Rampur

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले जब रामभक्त नारा लगाते थे कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, तब जो लोग उन पर गोलियां चलवाते थे, आज वे खुद को बड़ा रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रहे हैं और आस्था की वकालत कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने जनता से कहा कि यह आपकी और आपके वोट की ताकत है कि आज विरोधियों को भी आपका पिछलग्गू बनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. अब उन्हें अपने पुराने कर्मों पर पछतावा हो रहा होगा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां गलत थीं.

‘चाचा-भतीजे की जोड़ी करती थी वसूली’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2017 के पहले रामपुर में गरीबों और वाल्मीकि समुदाय की जमीनों पर जबरन कब्जे किए जाते थे. उस दौर में जब भी कोई सरकारी नौकरी या विज्ञापन निकलता था, तो ‘चाचा-भतीजे’ की जोड़ी तुरंत वसूली के लिए निकल पड़ती थी. सपा सरकार में हमारी सांस्कृतिक विरासत का अपमान किया जाता था और थानों व थियेटरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रमों तक पर रोक लगा दी जाती थी.

कब्जे नहीं, सुरक्षा के लिए है रामपुरी चाकू

सीएम योगी ने रामपुर के मशहूर चाकू का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले समाजवादी पार्टी इस चाकू का दुरुपयोग करके जनता को प्रताड़ित करती थी और उनकी जमीनें छीनती थी. लेकिन जब से राज्य में डबल इंजन की सरकार आई है, यही रामपुर का चाकू अब जनता की सुरक्षा का हथियार बन गया है. उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार तुष्टीकरण की राजनीति पर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के संतुष्टीकरण के सिद्धांत पर काम करती है.

‘बीमारू’ से बना देश का ग्रोथ इंजन

कांग्रेस और सपा पर साझा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों पार्टियों के पापों और गलत नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ कहलाता था. लेकिन आज भाजपा सरकार ने अपनी विरासत को सम्मान देते हुए राज्य की तस्वीर बदल दी है. उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन बनकर टॉप 3 राज्यों की इकोनॉमी में शामिल हो चुका है.

ये भी पढ़ें: ‘जवाब दो वरना…’, आजम खान के ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ पर बुलडोजर का खतरा! जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवन निकले ‘अवैध’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read