Bharat Express DD Free Dish

गर्मी से जंग की तैयारी: सीएम योगी ने दिए हीटवेव से बचने के ‘मूलमंत्र’, योगी की पाती में बेजुबानों की भी फिक्र

CM Yogi Ki Pati For Heatwave: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ती गर्मी को लेकर प्रदेशवासियों को पत्र लिखा है. उन्होंने 34,000 मेगावाट बिजली, स्मार्ट मीटर पर रोक और हीट-वेव से बचाव के निर्देश दिए हैं.

CM Yogi Uttar Pradesh Heatwave Yogi Ki Pati

AI Photo

CM Yogi Ki Pati For Heatwave: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू (Heatwave) को देखते हुए राज्य के नागरिकों के नाम एक ‘योगी की पाती’ (चिट्ठी) लिखी है. इस पत्र में उन्होंने प्रकृति के संतुलन, सरकार की तैयारियों और आम जनता के बचाव के लिए जरूरी उपायों का विस्तार से जिक्र किया है.

पत्र की शुरुआत में उन्होंने रबी की फसल की कटाई और मौसम के चक्र का उल्लेख करते हुए चेताया है कि मौसम का थोड़ा सा भी बदलाव बाढ़, सूखे या महामारी का रूप ले सकता है. प्रदेश के हर व्यक्ति का जीवन अनमोल बताते हुए उन्होंने निम्नलिखित सरकारी कदमों और जन-अपील की जानकारी साझा की है:

सरकार की तैयारियां और बड़े फैसले

भीषण गर्मी से निपटने के लिए शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण और समयबद्ध कदम उठाए गए हैं.

  • बिजली आपूर्ति: पीक डिमांड को पूरा करने के लिए लगभग 34,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य. सभी थर्मल पावर प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जा रहे हैं.
  • स्मार्ट मीटर: गर्मी की वजह से लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के काम पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है.
  • सार्वजनिक राहत: सड़कों पर पानी का छिड़काव और छायादार क्षेत्रों की व्यवस्था की जा रही है. तहसील, थाने, अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों में मुफ्त शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.
  • श्रमिक सुरक्षा: औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को थकावट और लू से बचाने के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं.
  • चिकित्सा व्यवस्था: हीट स्ट्रोक (लू) से प्रभावित लोगों को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
  • वन्यजीव व पशुधन: चिड़ियाघरों (प्राणि उद्यानों) के लिए ‘हीट-वेव एक्शन प्लान’ लागू किया गया है. गोशालाओं में हरे चारे, चोकर और पानी का उचित प्रबंध किया गया है.

सीएम योगी ने अपने पत्र में हाल ही में मनाए गए भगवान श्री परशुराम के प्रकटोत्सव और अक्षय तृतीया का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के आशीर्वाद से प्रदेश में सत्य, न्याय और धर्म की स्थापना हुई है, जो अक्षय है.

योगी की पाती में आम जनता से अपील

बढ़ते तापमान के बीच खुद को और अपनों को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कुछ खास सावधानियां बरतने का आग्रह किया है.

  • हाइड्रेटेड रहें: शरीर में पानी की कमी न होने दें. पर्याप्त मात्रा में पानी, शिकंजी, छाछ या नारियल पानी का सेवन करते रहें.
  • पहनावा: गर्मी से बचाव के लिए सूती (Cotton) या खादी के ढीले कपड़े ही पहनें.
  • विशेष देखभाल: घर के बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का इस मौसम में खास ख्याल रखें.
  • पशु-पक्षियों का ध्यान: बेजुबानों के लिए अपने घर के बाहर या छतों पर पानी के बर्तन जरूर रखें.
  • अग्नि सुरक्षा: सबसे महत्वपूर्ण, ऐसी कोई भी लापरवाही न करें जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो.

ये भी पढ़ें: नोएडा श्रमिक आंदोलन हिंसा: हिमांशु और सत्यम गिरफ्तार, मास्टरमाइंड आदित्य आनंद से जुड़े तार

सीएम योगी की स्पष्ट करती है कि सरकार अपनी तरफ से बुनियादी ढांचे और राहत कार्यों को दुरुस्त कर रही है, लेकिन गर्मी से बचने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी सावधानी बरतना उतना ही जरूरी है. अपना और अपनों का ख्याल रखें.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read