Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

यूपी में धरना-प्रदर्शन करने वालों को सीएम योगी की नसीहत, लोकतांत्रिक तरीके से प्रोटेस्ट स्वीकार, लेकिन…

सीएम योगी ने कहा कि लोकतांत्रिक संगठनों की आड़ में कतिपय राष्ट्रविरोधी संगठन भी माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं.

CM Yogi

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जोन, मंडल, रेंज व जिला स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था तथा लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी अराजकता फैलाने की छूट नहीं दी जा सकती.

फेक न्यूज को लेकर रहें अलर्ट- सीएम

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अफवाह फैलाने का माध्यम बन रही है. इस पर नजर बनाए रखें. तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने पर रोक लगाएं. सभी जिलों को अलर्ट रहना होगा. किसी भी फेक न्यूज का तत्काल तथ्यों के साथ खंडन किया जाना चाहिए.

“अराजक तत्वों पर करें कठोर कार्रवाई”

सीएम योगी ने कहा कि लोकतांत्रिक संगठनों की आड़ में कतिपय राष्ट्रविरोधी संगठन भी माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं. पूर्व में ऐसे अनेक उदाहरण सामने आए हैं. शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने वालों की आड़ में कुछ अराजकतावादी संगठनों की उपस्थिति रही है. इनकी पड़ताल करें और पकड़े जाने पर कठोरतम कार्रवाई करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में नागपंचमी, श्रावण सोमवार, काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ, रक्षाबंधन, चेहल्लुम और जन्माष्टमी जैसे पर्व-त्योहार हैं, साथ ही पुलिस भर्ती परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी संपन्न हो रहे हैं. यह कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील समय है. हर जिले की पुलिस और स्थानीय प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट रहना होगा.

योगी ने कहा कि इस वर्ष अब तक 12 जनपदों में 120 प्रतिशत से अधिक वर्षा हुई है, जबकि 27 जिलों में सामान्य वर्षा की स्थिति रही है. 80 से 60 फीसद यानी कम वर्षा वाले 18 जिले हैं और 14 जिलों में 60 से 40 प्रतिशत यानी अत्यधिक कम वर्षा हुई है. जौनपुर, शामली, फतेहपुर समेत कई जिले हैं, जहां 40 फीसद से भी कम बरसात दर्ज की गई है. बलिया, सीतापुर, बांदा, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में अभी भी बाढ़ की स्थिति है. सभी संबंधित जिलों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे जाएं.

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. कहीं भी निर्धारित मात्रा से कम, बासी अथवा खराब गुणवत्ता की सामग्री वितरित नहीं होनी चाहिए. यदि वेंडर द्वारा आपूर्ति में गड़बड़ी की जाती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए.

योगी ने कहा कि 9 अगस्त से ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन का शताब्दी वर्ष’ प्रारंभ हो रहा है. यह पूरा वर्ष आजादी के नायकों का स्मरण करने के लिए होगा. इसी कड़ी में, 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ का जन अभियान आयोजित होना है. इन तीन दिनों में प्रदेश के हर आवास, हर कार्यालय पर हमारा राष्ट्र ध्वज तिरंगा फहराया जाना है. 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ है और 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व ‘स्वाधीनता दिवस’ है. इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं.

महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता- सीएम

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है. 9 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) का अवसर है. कतिपय अराजक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं. इसलिए पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाएं. सतर्क रहें-सावधान रहें. योगी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने जाती हैं. इस विशेष अवसर पर 18 अगस्त की रात्रि से 19 अगस्त की रात्रि तक राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी. इस संबंध में सभी आवश्यक प्रबंध समय से कर लिए जाने चाहिए.

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने किया बड़ा ऐलान, रक्षाबंधन पर दो दिन मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी महिलाएं, 7 हजार नई बसें खरीदेगा परिवहन विभाग

उन्होंने कहा कि अगस्त के आख़िरी सप्ताह में 23, 24, 25 और 30, 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा होनी प्रस्तावित है. यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी शुचिता के साथ सकुशल संपन्न हो, यह सभी की जिम्मेदारी है. इसके दृष्टिगत सभी जिलों को अलर्ट रहना होगा. वरिष्ठ अधिकारीगण अपने क्षेत्र के हर एक परीक्षा केंद्र का सूक्ष्मता का निरीक्षण कर लें. परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर से आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं. उच्च स्तर से दिए जा रहे निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital