Bharat Express DD Free Dish

भाजपा संगठन आधारित दल जिसमें कार्यकर्ता एवं विचारधारा महत्वपूर्ण: सांसद डॉ दिनेश शर्मा

Dinesh Sharma In Lakhimpur: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण महाअभियान 2026” कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, विचारधारा और राष्ट्रवाद को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया.

Dinesh Sharma In Lakhimpur

Dinesh Sharma In Lakhimpur

Dinesh Sharma In Lakhimpur: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण महाअभियान 2026” कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, विचारधारा और राष्ट्रवाद को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां व्यक्ति नहीं बल्कि विचार सर्वोपरि होते हैं. यही कारण है कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों जैसे सपा, बसपा और कांग्रेस से अलग पहचान रखती है.

डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों और नीतियों के आधार पर निर्णय लेने वाली पार्टी है. उन्होंने राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसलों को पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता के बड़े उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि जिस कश्मीर को लेकर कभी “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है” का नारा लगाया जाता था, आज वहां लाल चौक पर गर्व से तिरंगा लहराता है और वंदे मातरम् गूंजता है.

भाजपा में होता है कार्यकर्ता का निर्माण

उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता का निर्माण होता है और मेहनत के दम पर वह छोटे पद से बड़े दायित्व तक पहुंचता है. भाजपा का कार्यकर्ता जीवनभर पार्टी के साथ जुड़ा रहता है. बदलते समय और चुनौतियों को देखते हुए प्रशिक्षण की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है.

जनसंघ से भाजपा की यात्रा का उल्लेख करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर 1951 को जनसंघ के रूप में पार्टी की स्थापना हुई थी. शुरुआती दौर में पार्टी को काफी संघर्ष करना पड़ा और उसके केवल तीन सांसद थे. उन्होंने कहा कि जनसंघ ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नून समझौते का विरोध किया था और तिब्बत की आजादी का समर्थन किया था. साथ ही 1964 में ही भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया था.

एक अभिभावक की तरह हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक अभिभावक की तरह देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है. वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर में पेट्रोलियम उत्पादों के सीमित उपयोग और सोना कम खरीदने की अपील के पीछे भी देशहित की बड़ी सोच है. उन्होंने कहा कि आज कई देशों में ऊर्जा संकट गहराया हुआ है, जबकि भारत मजबूती से खड़ा है. कोविड महामारी के दौरान भारत ने वैक्सीन बनाकर न केवल अपने नागरिकों बल्कि दुनिया के सौ से अधिक देशों की मदद की, जिससे भारत वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरा.

आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

डॉ. शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया गया था. उन्होंने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल टूटे और बंटे, लेकिन भाजपा का कभी विभाजन नहीं हुआ क्योंकि यह व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा आधारित पार्टी है.

ये भी पढ़ें- हॉलैंड के बाद स्वीडन में PM मोदी का भव्य स्वागत, द्विपक्षीय बैठक में व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग पर अहम चर्चा

कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अजय मिश्रा टेनी, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व प्रदेश मंत्री वीरेंद्र तिवारी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read