Bharat Express DD Free Dish

काली थार, नंगे बदन दबंगई और गाली-गलौज: साइड मांगने को लेकर ‘हुड़दंगियों’ की गुंडागर्दी, बिसरख पुलिस ने उतारा भूत

नोएडा की गौर सिटी-2 में देर रात थार सवारों ने जमकर उत्पात मचाया. साइड न मिलने पर युवकों ने मारपीट की और बीच सड़क शर्ट उतारकर गाली-गलौज की. पुलिस ने थार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

gaur-city-noida-road-rage-thar-hooliganism-video-viral-police-action

Noida Road Rage: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाई-प्रोफाइल सोसायटी ‘गौर सिटी-2’ एक बार फिर गलत वजहों से चर्चा में है. देर रात यहां के सातवें एवेन्यू मार्केट के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत कुछ युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया. एक काले रंग की थार गाड़ी में सवार इन युवकों ने न केवल सरेराह मारपीट की, बल्कि बीच सड़क पर गाड़ी रोककर शर्ट उतारकर हुड़दंग भी काटा. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर लोग नोएडा की कानून व्यवस्था और कुछ रईसजादों की बिगड़ी मानसिकता पर सवाल उठा रहे हैं.

कैेस शुरू हुई अनबन?

घटना की शुरुआत तब हुई जब गौर सिटी-2 के मार्केट के पास से एक काले रंग की थार गुजर रही थी. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, थार के आगे एक दूसरी गाड़ी चल रही थी. थार सवार युवकों को शायद बहुत जल्दी थी, इसलिए वे लगातार हॉर्न बजाकर साइड मांग रहे थे. आगे चल रही गाड़ी ने जब तुरंत रास्ता नहीं दिया, तो थार सवारों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. देखते ही देखते बात गाली-गलौज से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि थार सवार युवक पूरी तरह नशे में धुत थे और उन्हें इस बात का जरा भी डर नहीं था कि वे बीच बाजार में तमाशा कर रहे हैं.

सड़क पर शर्ट उतारकर दबंगई

मारपीट के बाद जो मंजर दिखा, उसने वहां मौजूद हर शख्स को हैरान कर दिया. थार सवार युवक गाड़ी से नीचे उतरे और बीच सड़क पर ही शर्ट उतारकर अपनी ‘बॉडी’ दिखाने लगे. अर्धनग्न हालत में इन युवकों ने सड़क जाम कर दी और आने-जाने वाले लोगों के सामने भद्दी-भद्दी गालियां दीं.
बता दें कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे ये युवक कानून को ठेंगे पर रखकर सरेराह हुड़दंग मचा रहे हैं. पास ही में लगे कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.

एक्शन में बिसरख पुलिस

जैसे ही इस हंगामे का वीडियो ट्विटर और फेसबुक पर वायरल हुआ, बिसरख पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की गवाही के आधार पर आरोपियों की पहचान की. पुलिस की टीम ने तत्काल छापेमारी करते हुए दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है.

इसके साथ ही, दबंगई में इस्तेमाल की गई उस काली थार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोएडा की सड़कों पर गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे.

ये भी पढ़ें: ‘साहब! मेरा बेटा कहां है?’; पुलिस के आश्वासनों से टूटा परिवार का सब्र, ठेकेदार पर लगाया गंभीर आरोप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read