Bharat Express DD Free Dish

गाजियाबाद में सूर्या के बाद पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, खेल जगत में सदमा, जांच में जुटी पुलिस

UP News: गाजियाबाद के साईं उपवन में पैरा एथलीट चिराग त्यागी का शव मिलने से सनसनी फैल गई. हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था.

UP News: गाजियाबाद के हिंडन क्षेत्र स्थित साईं उपवन में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी के रूप में हुई. उनकी पीठ पर गोली का निशान पाया गया, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई. मामला थाना कोतवाली घंटाघर क्षेत्र का है.

सुबह घर से निकले थे

चिराग सुबह हॉस्टल जाने के लिए घर से निकले थे. परिवार के अनुसार उन्होंने सुबह करीब 8:10 बजे फोन कर बताया था कि वह घर लौट रहे हैं. पहले उन्होंने पिता को कॉल किया, लेकिन फोन न उठने पर चाचा को जानकारी दी. इसके बाद उनका शव उपवन में मिला.

खेलों में शानदार प्रदर्शन

चिराग त्यागी गाजियाबाद के रहने वाले थे और पैरा एथलेटिक्स में देश का नाम रोशन कर चुके थे. वह 100 और 400 मीटर दौड़ में भाग लेते थे. हाल ही में बेंगलुरु के श्री कांतिरवा स्टेडियम में हुई 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में उन्होंने 400 मीटर में स्वर्ण और 1500 मीटर में रजत पदक जीता था. इसके साथ ही उन्होंने एशियन पैरा गेम्स के लिए भी क्वालीफाई किया था, जो अक्टूबर में जापान में होने हैं.

परिजनों का बयान

जिला पैरा एसोसिएशन के सचिव मोनू कुमार ने बताया कि चिराग ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया था. वहीं, चिराग के चाचा राजेश त्यागी ने कहा कि भतीजे ने आखिरी बार फोन पर घर आने की बात कही थी. परिवार इस घटना से सदमे में है.

पुलिस की जांच

सूचना मिलते ही एसीपी उपासना पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और मृतक की प्रेमिका, कोच व परिजनों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट होगी.

ये भी पढ़ें-मौसम का क्रेजी ‘मूड स्विंग’: दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-पानी का अलर्ट, तो कहीं अब भी तपा रहा पारा

हत्या की आशंका पर पुलिस का बयान

डीसीपी ने बताया कि शव मिलने की सूचना तीन बजे के बाद मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल भेजा और पहचान चिराग त्यागी के रूप में हुई. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read