दशहरे से पहले दहला गाजियाबाद
Ghaziabad News: दशहरे के त्योहार से ठीक पहले गाजियाबाद से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आई है. साहिबाबाद इलाके के शालीमार गार्डन (शानी चौक) के पास लाजपत नगर में रावण का पुतला बनाने का काम चल रहा था, तभी वहां अचानक एक जबरदस्त धमाका हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुतले में आतिशबाजी और पटाखे लगाने के लिए बम तैयार किए जा रहे थे, तभी यह भयानक हादसा हो गया.
एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दिया धमाका
हादसा कितना भीषण था, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई. जिस मकान या जगह पर यह काम चल रहा था, वहां तबाही का मंजर साफ दिखाई दे रहा है. धमाके की ताकत इतनी ज्यादा थी कि उस इमारत की मजबूत दीवारें तक ढह गईं और लोहे के भारी-भरकम दरवाजे किसी पतले कागज या टिन की शीट की तरह मुड़ गए. चारों तरफ सिर्फ मलबा और बिखरा हुआ सामान ही नजर आ रहा है.
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को पास के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के मुताबिक, इनमें से एक शख्स की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज लगातार जारी है.
ये भी पढ़ें- ‘मुसलमान किसी की जागीर नहीं’! सपा पर बरसे ओवैसी, गठबंधन का दिया बड़ा ऑफर
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर यह धमाका हुआ कैसे? पुलिस अब इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है कि क्या इन बमों या पटाखों में तय मात्रा से ज्यादा विस्फोटक या केमिकल का इस्तेमाल किया गया था.
फिलहाल जो लोग मौके पर मौजूद थे और इस काम में जुटे थे, वे सभी गंभीर रूप से घायल हैं. इस वजह से अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि चिंगारी कहां से और कैसे उठी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों की हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद ही इस पूरे हादसे की असल वजह सामने आ सकेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
