Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘मुर्गा बनाने’ की सजा पर स्कूल में बवाल; प्रिंसिपल और छात्रा के पिता में हाथापाई

गोरखपुर के एक स्कूल में छठवीं कक्षा की छात्रा को देर से पहुंचने पर सजा देने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. छात्रा के पिता ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल से मारपीट और तोड़फोड़ की.

गोरखपुर से स्कूल में छात्रा को दी गई सजा के बाद विवाद का मामला सामने आया है. गोला थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे में छठवीं कक्षा की एक छात्रा के देर से स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल ने उसे कथित तौर पर कुछ देर के लिए मुर्गा बनने की सजा दी. छुट्टी के बाद जब छात्रा ने घर जाकर अपने पिता को इसकी जानकारी दी तो वह नाराज हो गए और सीधे स्कूल पहुंच गए.

आरोप है कि स्कूल पहुंचने के बाद छात्रा के पिता और प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार के बीच सजा देने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. प्रिंसिपल का आरोप है कि छात्रा के पिता ने उन्हें थप्पड़ मारा और उनकी शर्ट भी फाड़ दी. इसके बाद स्कूल परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है.

शिक्षकों ने बीच-बचाव कर मामला कराया शांत

प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 1 सितंबर 2026 की है. उनके मुताबिक, छठवीं कक्षा की छात्रा उस दिन सुबह देर से स्कूल पहुंची थी. अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने उसे कुछ समय के लिए सजा दी थी.

प्रिंसिपल के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा घर चली गई और उसने अपने पिता को पूरी बात बता दी. इसके बाद उसके पिता स्कूल पहुंच गए. उस समय स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी भी घर जाने की तैयारी कर रहे थे. छात्रा को सजा देने की वजह पूछने के दौरान पिता और प्रिंसिपल के बीच बहस होने लगी.

प्रिंसिपल का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद छात्रा के पिता ने उनके साथ मारपीट की और स्कूल में भी तोड़फोड़ की. वहां मौजूद शिक्षकों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और स्थिति को शांत कराया.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले को लेकर प्रिंसिपल ने 3 सितंबर को गोला थाने में तहरीर दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर छात्रा के पिता के खिलाफ मारपीट और स्कूल में तोड़फोड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

गोला थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडे के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रिंसिपल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटना पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें- ‘तुम्हारी हैसियत क्या है…’ उदयपुर कांग्रेस में घमासान, नेता जी भड़के तो लगाई युवा नेता की क्लास; ऑडियो VIRAL

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital