Bharat Express DD Free Dish

Hapur: DSO सीमा चौधरी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, मां ने ही लगाए ‘काली कमाई’ और जालसाजी के गंभीर आरोप

Hapur DSO Seema Chaudhary CASE: हापुड़ की DSO सीमा चौधरी पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज हुआ है. उनकी मां ने ही ‘काली कमाई’ छिपाने और जमीन हड़पने की साजिश का गंभीर आरोप लगाया. कहा — ‘मेरी जानकारी के बिना खाते में ₹15 लाख जमा कराए’

Hapur DSO Seema Chaudhary

हापुड़ की DSO सीमा चौधरी पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Hapur News: हापुड़ जिले में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी समेत 5 लोगों के खिलाफ सहारनपुर के थाना सरसावा में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह एफआईआर किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि अधिकारी की सगी मां मुनेश रानी की तहरीर पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद दर्ज की गई है.

आरोपी जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक लोगो के आगे खड़ी नजर आ रही हैं.

मां के खाते में छिपाई ₹15 लाख की ‘काली कमाई’

सहारनपुर के ग्राम मीरपुर सीतापुर की रहने वाली मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी ने अपनी कथित ‘काली कमाई’ को कानूनी नजरों से छिपाने के लिए उनके बैंक खाते का अवैध रूप से इस्तेमाल किया. उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना गाजियाबाद स्थित ICICI बैंक में उनके नाम से एक खाता खुलवाया गया था, जिसे खुद सीमा चौधरी ही संचालित करती थीं. इस खाते में अचानक 15 लाख रुपये जमा कराए गए, जिसकी भनक मुनेश रानी को तब लगी जब उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया.

भूमाफिया गिरोह से सांठगांठ, भूमि हड़पने की साजिश

पीड़ित मां ने अपनी लिखित शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी एक सक्रिय भूमाफिया गिरोह का हिस्सा हैं. उन्होंने अन्य चार लोगों के साथ मिलकर मुनेश रानी की ही जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का ताना-बाना बुना. आरोप है कि 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार कर और जाली हस्ताक्षर बनाकर जमीन हड़पने का प्रयास किया गया. जब तहसील प्रशासन से उन्हें इसकी जानकारी मिली और उन्होंने विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. इस खौफ के चलते मुनेश रानी को अपनी जमीन देहरादून की रहने वाली नैन्सी नामक महिला को बेचनी पड़ी.

सीनियर अफसरों के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

मुनेश रानी का कहना है कि उन्होंने सबसे पहले 13 मई को थाना सरसावा में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद जब उन्होंने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की, तब जाकर उनके कड़े आदेश पर यह केस दर्ज हुआ है. केस दर्ज होने के बाद स्थानीय क्षेत्राधिकारी (CO) पवन कुमार ने बताया कि मुनेश रानी की तहरीर पर फर्जी कागजात और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है.

यह भी पढ़िए: 6 घंटे के भीतर सिपाही की मां की हत्या का खुलासा, पड़ोस में रहने वाला चचेरा देवर ही निकला क़ातिल



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read