Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

15 हजार की नौकरी, 26 करोड़ का टैक्स! हरदोई के राजेश के नाम पर चला करोड़ों का खेल

हरदोई के राजेश कुमार को आयकर विभाग ने 26 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस भेजा है. मामूली नौकरी करने वाले राजेश के नाम पर हरियाणा और महाराष्ट्र में फर्जी कंपनियां चल रही हैं.

Fake companies tax fraud

Fake Companies Tax Fraud: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र के अतरजी गांव निवासी राजेश कुमार को आयकर विभाग की ओर से 26 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा गया है. नोटिस में कहा गया है कि हरियाणा और पुणे (महाराष्ट्र) में उनके नाम से दो कंपनियां चल रही हैं, जिन पर यह टैक्स बकाया है. राजेश इस नोटिस को देख कर हैरान और परेशान हो गए हैं.

15 हजार की नौकरी और करोड़ों का टैक्स

राजेश वर्तमान में दिल्ली की एक मोबाइल कंपनी में 15,000 रुपये प्रति माह की तनख्वाह पर काम कर रहे हैं. इससे पहले भी वह दो निजी कंपनियों में नौकरी कर चुके हैं. राजेश ने बताया कि दो अप्रैल को उनके गांव के पते पर आयकर विभाग से नोटिस आया, जिसकी जानकारी परिजनों ने उन्हें दी और इसका फोटो व्हाट्सएप पर भेजा.

विभाग से की मुलाकात, बताई सच्चाई

राजेश ने बताया कि यह नोटिस 18 मार्च को हरदोई आयकर विभाग से जारी किया गया था, जिसमें 27 मार्च तक जवाब देने को कहा गया था. नोटिस की जानकारी मिलते ही 6 अप्रैल को वे दिल्ली से गांव आए और हरदोई स्थित आयकर अधिकारियों से मिलकर अपनी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने न कोई कंपनी खोली है और न ही करोड़ों का कोई लेन-देन किया है.

फर्जी कंपनियों में इस्तेमाल हुए दस्तावेज?

राजेश का कहना है कि उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से फर्जी कंपनियां खोली गई हैं. उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. राजेश का मानना है कि उनकी पुरानी नौकरी के दौरान जमा किए गए दस्तावेजों से डाटा लीक हुआ हो सकता है.

आयकर विभाग कर रहा जांच

फिलहाल आयकर विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है. राजेश को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही इस गलत नोटिस से राहत मिलेगी.

साधारण परिवार से हैं राजेश, आर्थिक स्थिति कमजोर

राजेश का परिवार आर्थिक रूप से बेहद सामान्य है. उनके पिता के नाम पर केवल तीन बीघा सरकारी पट्टा और पुश्तैनी जमीन है. राजेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर हैं. बड़े भाई पाली में एक दुकान पर काम करते हैं, जबकि दो छोटे भाई विकलांग हैं- एक को बिजली के करंट से चोट लगी थी. राजेश की शादी 2019 में हुई और उसी साल वे नौकरी के सिलसिले में दिल्ली गए थे.


इसे भी पढ़ें- रील बनाने का ऐसा जुनून कि मौत को दी खुली चुनौती! चलती ट्रेन के सामने किया ऐसा कारनामा जिसे देख हो जाएंगे हैरान


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital