Bharat Express DD Free Dish

लखनऊ के हजरतगंज में दरोगा की गुंडागर्दी; शराब के नशे में सहकर्मी पर चढ़ाई कार, डीसीपी से भी भिड़ा!

वर्दी का नशा या शराब का? लखनऊ के हजरतगंज में एक दरोगा ने सारी सीमाएं लांघ दीं. पहले पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश की और फिर डीसीपी ट्रैफिक से भी उलझ गया.

Lucknow Hazratganj News, Hazratganj Chauraha, UP Police

Lucknow Hazratganj News/Ravi Kumar: लखनऊ के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज चौराहे पर कल देर रात जो कुछ भी हुआ, उसने पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है. जब रक्षक ही भक्षक बन जाए या कानून की धज्जियां उड़ाने पर उतारू हो जाए, तो आम जनता क्या उम्मीद करे? मामला बाराबंकी पुलिस लाइन में तैनात एक दरोगा का है, जिसने शराब के नशे में न सिर्फ जमकर हंगामा काटा, बल्कि अपने ही साथी पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डाल दी.

ड्यूटी पर तैनात दरोगा पर चढ़ाई कार

हुआ यूं कि हजरतगंज चौराहे पर ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा रखी थी और रूट डायवर्जन किया गया था. वहां ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर ने जब सामने से आ रही एक प्राइवेट कार को रुकने का इशारा किया और उसे डायवर्जन की जानकारी दी, तो कार सवार शख्स भड़क गया.

कार चलाने वाला कोई और नहीं, बल्कि बाराबंकी पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अमित जायसवाल था. आरोप है कि रुकने के बजाय उसने बैरिकेडिंग पर कार चढ़ा दी और वहां मौजूद सब-इंस्पेक्टर को कुचलने की कोशिश की.

डीसीपी ट्रैफिक से भी भिड़ गया ‘वर्दीवाला’

हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित को दखल देना पड़ा. लेकिन नशे में धुत दरोगा अमित जायसवाल का हौसला इतना बुलंद था कि वह डीसीपी जैसे सीनियर अधिकारी से भी उलझ गया और बदतमीजी करने लगा. दरोगा की यह हरकत देख डीसीपी का पारा चढ़ गया. उन्होंने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए दरोगा को फटकार लगाई और उसे पुलिस जीप में लदवाकर थाने भिजवा दिया.

ये भी पढ़ें- यूपी में नया बिजली कनेक्शन सस्ता और आसान, स्मार्ट मीटर की कीमतों में बड़ी कटौती

गाड़ी में मिली शराब, अब सलाखों के पीछे

जब आरोपी दरोगा की कार की तलाशी ली गई, तो अंदर शराब की बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने फौरन अमित जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया और हजरतगंज पुलिस ने उसे हवालात में डाल दिया है. पुलिस अब उसका मेडिकल परीक्षण करा रही है ताकि खून में अल्कोहल की मात्रा की पुष्टि हो सके. इस पूरे ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें दरोगा की दबंगई साफ देखी जा सकती है.

लखनऊ पुलिस ने साफ कर दिया है कि वर्दी की आड़ में कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल आरोपी दरोगा के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और विभागीय कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read