Bharat Express DD Free Dish

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में स्‍टूडेंट्स अब खेल सकेंगे होली, MP सतीश गौतम ने दी असामाजिक तत्वों पर सख्‍त कार्रवाई की चेतावनी

AMU News: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में होली पर विवाद हुआ, सतीश गौतम ने चेतावनी दी कि किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एएमयू प्रशासन ने होली खेलने की अनुमति दी है.

aligarh-Muslim-University 1

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

प्रकाश सिंह, अलीगढ़


Holi in AMU: अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम ने एक बार फिर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में होली के दौरान किसी भी प्रकार की बर्बरता या अराजकता की स्थिति उत्पन्न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर कोई छात्र इस दौरान असामाजिक तत्वों की तरह व्यवहार करता है, तो उसे “ऊपर का रास्ता” दिखाया जाएगा.

सतीश गौतम का बयान

सांसद सतीश गौतम ने कहा कि एएमयू में कुछ लोग जिन्ना मानसिकता के हैं, जिनकी वजह से छात्रों के बीच व्यवधान उत्पन्न हो रहा है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले जब उनका चुनाव था, तो एएमयू कैंपस में छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया था. इस पर उन्होंने कहा, “अगर इस बार होली मिलन समारोह में कोई अराजकता फैलाएगा, तो उसे अलीगढ़ की ज़मीन पर कोई जगह नहीं मिलेगी.”

सतीश गौतम ने कहा कि होली हिंदुओं का एक पवित्र त्योहार है और इस अवसर पर जो मुस्लिम भाई होली खेलना चाहते हैं, वे खेल सकते हैं, जबकि जो नहीं चाहते, वे अपने घरों में रह सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि एएमयू प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस तरह से प्रशासन ने होली खेलने की अनुमति दी है, वह स्वागत योग्य है.

Aligarh Muslim University photo

एएमयू प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13-14 मार्च को छात्रों को होली खेलने की अनुमति दी है. प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली ने इस पर जानकारी दी कि एएमयू में पहले से ही सभी धर्मों के छात्र अपने-अपने त्योहारों को मनाते आए हैं और इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है. उन्होंने बताया कि इस बार भी एनआरएससी क्लब में 13-14 मार्च को होली खेलने की अनुमति दी गई है.

छात्रों की आपत्ति,प्रशासन का रुख

एएमयू के छात्र अखिल कौशल ने बताया कि पिछले साल होली खेलने के दौरान हिंदू छात्रों के साथ मारपीट की घटना हुई थी. इस बार, हिंदू छात्रों ने एनआरएससी क्लब में होली मिलन समारोह आयोजित करने के लिए लिखित अनुमति मांगी थी, लेकिन एएमयू प्रशासन ने इसे अस्वीकार कर दिया था. हालांकि, अब प्रशासन ने 13-14 मार्च को क्लब में होली खेलने की अनुमति दे दी है. छात्रों ने इस कदम का स्वागत किया, लेकिन लिखित अनुमति न मिलने पर आपत्ति जताई.

राजनीतिक रंग में रंगा मामला

होली के आयोजन को लेकर यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है. भाजपा सांसद सतीश गौतम ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर कोई होली मना रहे छात्रों पर हमला करता है, तो वह स्वयं उनसे निपटेंगे. उनका यह बयान इस विवाद को और गरम कर रहा है, और इस मामले में जिला प्रशासन और एएमयू प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण बन गई है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read