Bharat Express DD Free Dish

‘मुस्कुराइए आप लखनऊ में है’ देश के सबसे साफ हवा वाले शहरों में मिला पहला स्थान

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ ने इंदौर को पछाड़कर देश में पहला स्थान हासिल किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों को बधाई दी.

Lucknow Beats Indore To Rank 1 In Swachh Vayu Survekshan 2026 Bharat Express

(PHOTO CREDIT: Vaibhav Gupta)

Lucknow Beats Indore In Air Quality: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने पर्यावरण और स्वच्छता के मोर्चे पर इतिहास रच दिया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा जारी ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026’ में लखनऊ को 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है.

सालों से स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर रहने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर शहर को पीछे छोड़ते हुए लखनऊ ने यह बाजी अपने नाम की है. राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कुल 16 शहरों ने अपनी जगह बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर धाक जमाई है.

इंदौर को 1 अंक से दी मात

सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, स्वच्छ हवा के कड़े पैमानों पर खरा उतरते हुए लखनऊ ने 200 में से सर्वाधिक 198 अंक हासिल किए. वहीं, इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गया, जबकि जबलपुर ने 195 अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया.

यह पहला मौका है जब लखनऊ ने मध्य प्रदेश के गढ़ इंदौर को पटखनी देकर वायु गुणवत्ता सुधार में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है.

रक्षा मंत्री ने लखनऊ वासियों को दी बधाई

लखनऊ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्थानीय सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर खुशी जताते हुए शहर के लोगों और नगर निगम टीम को बधाई दी.

राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) में लखनऊ को नेशनल लेवल पर बेस्ट परफॉर्मिंग सिटी में रैंक-1 मिली है. इस बड़ी उपलब्धि के लिए सभी लखनऊ वासियों को बहुत-बहुत बधाई.’

उन्होंने आगे लिखा कि महापौर सुषमा खर्कवाल, पार्षदों और लखनऊ नगर निगम की टीम ने पिछले कुछ सालों से शहर की हवा और स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए पूरे मनोयोग से काम किया है. साथ ही उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया.

यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा; रामलला के दरबार में हाजिरी, ट्रस्ट के नए सदस्यों से की खास मुलाकात

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read