Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा; रामलला के दरबार में हाजिरी, ट्रस्ट के नए सदस्यों से की खास मुलाकात

अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन और आरती की. इसके बाद उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनिर्वाचित सदस्यों से मुलाकात कर मंदिर की व्यवस्थाओं और पारदर्शिता को लेकर चर्चा की.

अयोध्या दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए. मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर राम जन्मभूमि मंदिर के पहले सीईओ और पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने उनका स्वागत किया. जितेंद्र मिश्र सुबह ही ट्रेन से अयोध्या पहुंचे थे और मुख्यमंत्री के आने से पहले मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके थे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले जीआईसी मैदान में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए. कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंचे और वहां दर्शन-पूजन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे.

मंदिर में पहुंचने पर जितेंद्र मिश्र उन्हें रामलला के दरबार तक लेकर गए. मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से रामलला का दर्शन और पूजन किया. उन्होंने आरती भी की और रामलला का आशीर्वाद लिया. इस दौरान मंदिर से जुड़े धार्मिक और प्रशासनिक पक्ष के कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहे. धार्मिक समिति के वरिष्ठ सदस्य महंत राजकुमार दास के साथ राम जन्मभूमि मंदिर के नवनिर्वाचित सदस्य भी वहां उपस्थित थे.

ट्रस्ट के नए सदस्यों से सीएम ने की मुलाकात

रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय स्थित ग्रीन हाउस पहुंचे. यहां उन्होंने ट्रस्ट के नवनिर्वाचित सदस्यों से मुलाकात की और सभी का हालचाल जाना. बैठक के दौरान राम जन्मभूमि मंदिर की व्यवस्थाओं और उनमें पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट के सदस्यों से मंदिर से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत की और आगे की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया.

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित सदस्यों और ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका को शाल और नारियल भेंट किया. उन्होंने सभी को अपनी शुभकामनाएं भी दीं. इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता मदनमोहन पांडेय, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, कृष्ण मोहन और हनुमानगढ़ी के संत महंत राजूदास समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.

करीब 25 मिनट तक राम जन्मभूमि मंदिर में रहने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां से रवाना हुए.

उनके अयोध्या दौरे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह से लेकर हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन तक कई प्रमुख कार्यक्रम शामिल रहे.

ये भी पढ़ें- डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से माल ढुलाई होगी तेज, किसानों और उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा- पीएम मोदी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital