Bharat Express DD Free Dish

लखनऊ मुठभेड़: कृष्णानगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी बदमाश विपिन ढेर होने से बचा; पैर में लगी गोली

राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. 25 हजार के इनामी बदमाश विपिन ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया. पुलिस अब उसके फरार साथी कुलदीप की तलाश कर रही है.

Lucknow Encounter, Lucknow, uttar pradesh

Ravi Kumar


Lucknow Encounter: लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में गुरुवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सन्नाटा पसर गया. यहां पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश विपिन पुलिस की गोली का शिकार होकर घायल हो गया.

पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है. विपिन कोई मामूली अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर राजधानी के अलग-अलग थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं.

500 सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज

दरअसल, कृष्णानगर में पिछले कुछ समय से हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा था. इन मामलों को सुलझाने के लिए डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद की टीम ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया. पुलिस ने इलाके के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद तीन आरोपियों की पहचान हो सकी. इनमें से एक बदमाश को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जबकि विपिन और उसका एक अन्य साथी कुलदीप फरार चल रहे थे.

घेराबंदी देख पुलिस पर झोंका फायर

गुरुवार रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि विपिन डूडा कॉलोनी मानसनगर रोड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या भागने की फिराक में है. टीम ने बिना वक्त गंवाए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. पुलिस को देखते ही विपिन ने भागने की कोशिश की और घबराहट में गिर पड़ा. खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं जो सीधे विपिन के पैर में जा लगी.

ये भी पढ़ें- मरम्मत बनी मौत का जाल! 30 फीट गड्ढे में दबकर 2 मजदूरों की मौत, लापरवाही या हादसा?

बरामद हुआ चोरी का माल

बता दें कि मुठभेड़ के बाद जब पुलिस ने घायल विपिन की तलाशी ली तो उसके पास से दो सोने की चेन, कीमती लॉकेट, अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए. पुलिस के मुताबिक, उसका दूसरा साथी कुलदीप यादव (निवासी निजामपुर मल्हौर) अभी भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. कृष्णानगर पुलिस के लिए यह मुठभेड़ एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, जिससे इलाके में बढ़ती चोरियों पर लगाम लगने की उम्मीद है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read