Urdu Conclave 2026

5 से 10 हजार में बनता था फर्जी पासपोर्ट; मवाना पुलिस ने शातिर सलीम को दबोचा, खुला पुराना इतिहास

मेरठ की मवाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के मुख्य सरगना सलीम को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल और कई जाली दस्तावेज बरामद हुए हैं. वह 5 से 10 हजार रुपये लेकर यह फर्जीवाड़ा करता था.

Meerut Fake Passport And Aadhaar Card Racket Busted One Arrested, Forgery Criminal, Forgery case
Edited by Vaibhav Gupta

Meerut Fake Passport Racket: उत्तर प्रदेश के मेरठ से जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां की मवाना थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के दम पर पासपोर्ट और आधार कार्ड तैयार करने वाले एक शातिर ठग को दबोचा है. पकड़े गए आरोपी का नाम सलीम है, जो बहोड़पुर गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, 10 आधार कार्ड, 10 पासपोर्ट आवेदन पत्र, एक पैन कार्ड, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल होने वाला लैपटॉप बरामद किया है.

5 से 10 हजार रुपये में होता था ‘खेल’

इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को काफी समय से इलाके में फर्जी दस्तावेज बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं. बुधवार को पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि सलीम नाम का शख्स फर्जी आधार कार्ड बनाता है और फिर उन्हीं के आधार पर लोगों के जाली पासपोर्ट भी तैयार करवाता है. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापेमारी की और सलीम को रंगे हाथों हिरासत में ले लिया.

थाने लाकर जब पुलिस ने सलीम से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. वह सीधे-सादे लोगों से 5 हजार से लेकर 10 हजार रुपये ऐंठकर यह फर्जीवाड़ा करता था. मवाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है.

पुराना अपराधी है सलीम

एसपी देहात ने बताया कि सलीम कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 2025 में मेरठ के मवाना थाने और साल 2024 में पड़ोसी जिले हापुड़ के देहात थाने में उसके खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों और कड़ियों को जोड़ने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों के फर्जी पासपोर्ट बनवाए हैं.

ये भी पढ़ें: लीची तोड़ने पर नाबालिग के हाथ-पांव बांधकर बेरहमी से पीटा, वायरल वीडियो के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read