Bharat Express DD Free Dish

‘नीचे आग, ऊपर धुआं…’; नमाज पढ़ने गए थे पुरुष, घर में भड़की आग; मेरठ में जुड़वा बच्चियों समेत 6 की मौत

Meerut Fire Tragedy: सोमवार की रात मेरठ के किदवई नगर के लिए एक ‘काली रात’ बन गई. कपड़ा कारोबारी इकबाल के घर के पुरुष मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे, तभी घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने कपड़ों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. दम घुटने और झुलसने से 6 माह की 2 जुड़वा बच्चियों समेत 5 मासूमों और एक महिला की मौत है.

Meerut Fire Tragedy Lisari Gate

Meerut Fire Tragedy: मेरठ/हरीश शर्मा: सोमवार रात मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में झुलसने और दम घुटने से परिवार के 5 मासूम बच्चों और एक महिला समेत कुल 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के वक्त घर के सभी पुरुष नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे, जिसके चलते महिलाएं और बच्चे घर में फंस गए.

कैसे भड़की आग और क्यों बंद हुआ रास्ता?

जानकारी के मुताबिक, किदवई नगर की गली नंबर 2 में कपड़ा कारोबारी इकबाल का तीन मंजिला मकान है. मकान के ग्राउंड फ्लोर (नीचे के हिस्से) में कपड़ों का गोदाम था, जबकि ऊपर की दोनों मंजिलों पर इकबाल की पत्नी बानो और उनके पांच बेटे (फारुक, डॉ. इरशाद, रिजवान, आसिम और सद्दाम) अपने परिवारों के साथ रहते थे.

रात करीब 9 बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई. कपड़ों के स्टॉक ने आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरे मकान में जहरीला धुआं भर गया. आग की लपटों ने सीढ़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपर मौजूद लोगों के नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया.

6 माह की जुड़वा बच्चियों समेत 6 ने तोड़ा दम

चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सामने रहने वाले पड़ोसी इदरीश के मकान की छत से सीढ़ियां लगाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित राजधानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

ये भी पढ़ें: लखनऊ का अक्षत बना पिता का कातिल, बहन को कई दिनों तक धमकाकर रखा कैद, गोमती में फेंकने वाला था लाश

डॉक्टरों ने 30 वर्षीय रुखसार (आसिम की पत्नी), आसिम के 3 साल के बेटे, 6 महीने की जुड़वा बहनों (नबिया और इनायत), फारूक की 12 साल की बेटी (महविश) और 4 साल के बेटे (हम्माद) को मृत घोषित कर दिया. इकबाल की पत्नी बानो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. बचाव कार्य के दौरान एक रिश्तेदार शहजाद भी झुलस गया है.

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. रात में ही जिलाधिकारी (DM) डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडे घटनास्थल पर पहुंचे. मेरठ के डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण ‘शॉर्ट सर्किट’ (Short Circuit) माना जा रहा है. उन्होंने प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी आर्थिक मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest