Bharat Express DD Free Dish

Meerut: खेत में गन्ने की बंधाई कर रहे किसान पर आवारा कुत्तों का हमला, नोंच-नोंचकर उतारा मौत के घाट

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के किथौली गांव में खेत पर गन्ने की बंधाई करने गए 55 वर्षीय किसान लख्मी की मौत हो गई.

Meerut: मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के किथौली गांव में खेत पर गन्ने की बंधाई करने गए 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि किसान पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया और उन्हें नोच-नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना में किसान की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दरअसल थाना जानी के किथौली गांव निवासी लख्मी (55) सुबह करीब आठ बजे गन्ने के खेत में बंधाई करने के लिए घर से निकले थे. शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार का एक सदस्य उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचा. वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. आरोप है कि लख्मी के शव के पास आवारा कुत्तों का झुंड मौजूद था और कुत्ते उनके शरीर को नोच रहे थे.

परिजन ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन लाठी-डंडे लेकर खेत की ओर पहुंचे. लोगों को आता देखकर कुत्तों का झुंड वहां से भाग गया. किसान की हालत देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई.

लख्मी के परिवार में पत्नी उषा और दो बेटे जितेंद्र व अंकुर हैं. दोनों बेटों की शादी हो चुकी है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

आवारा कुत्तों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत

घटना के बाद ग्रामीणों में आवारा कुत्तों को लेकर आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के खेतों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ संबंधित विभाग और प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी है.

ये भी पढ़ें: सीएम शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बची जान; देखें वीडियो

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read