Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

मेरठ में STF का एक्शन, कुख्यात गटारू गैंग से जुड़े 4 आरोपी दबोचे गए

UP News: मेरठ के सोतीगंज इलाके में यूपी STF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात गटारू गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

Meerut STF Action

मेरठ में STF का बड़ा एक्शन

UP News: मेरठ में जम्मू-कश्मीर के चर्चित गटारू गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. टीम ने शहर के सोतीगंज इलाके में छापेमारी कर गैंग से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी मेरठ का निवासी है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस गैंग के नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की भी गहराई से जांच कर रही है.

जम्मू पुलिस के इनपुट पर शुरू हुआ ऑपरेशन

यूपी STF के एडिशनल एसपी बृजेश कुमार के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक डीएसपी ने सूचना दी थी कि कुछ वांछित अपराधी मेरठ में छिपकर रह रहे हैं. इसके बाद यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और सोतीगंज क्षेत्र में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान सौरभ गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता, गौरव गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश, रोहित बलोना पुत्र गोपाल कृष्ण बलोना, जो जम्मू-कश्मीर से जुड़े बताए गए हैं, के साथ सोतीगंज निवासी माज कुरैशी पुत्र जाकिर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया.

कई गंभीर मामलों में शामिल रहा गैंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी ऐसे गिरोह से जुड़े थे, जिस पर रंगदारी वसूलने, डकैती डालने, सुपारी लेकर हत्या कराने और जमीनों पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया है. अधिकारियों का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जाएगी, जिससे गैंग के अन्य ठिकानों और संपर्कों की जानकारी मिल सकती है.

पनाह देने वालों पर भी पुलिस की नजर

जांच के दौरान मोबाइल कनेक्शन उपलब्ध कराने और गैंग के लोगों को शरण देने के मामले में माज और अहमद नाम के व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों की कोशिश यह जानने की है कि गैंग के सदस्य कब से मेरठ में रह रहे थे और उन्हें यहां ठहरने में किसने मदद की. साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं शहर में गैंग का कोई और सक्रिय नेटवर्क तो नहीं चल रहा था.

सुमित जंडियाल उर्फ गटारू करता था गैंग की अगुवाई

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इस गिरोह का संचालन सुमित जंडियाल उर्फ गटारू और उसका भाई सौरभ गुप्ता किया करते थे. बताया जा रहा है कि गैंग की गतिविधियां केवल जम्मू-कश्मीर तक सीमित नहीं थीं, बल्कि उसका नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैला हुआ था. जांच एजेंसियों के अनुसार जनवरी 2025 में गैंग के सरगना सुमित जंडियाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बावजूद गिरोह से जुड़े लोग अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय रहे और अपने नेटवर्क को बनाए रखने की कोशिश करते रहे.

स्थानीय मददगारों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरोह के कुछ सदस्यों ने मेरठ में स्थानीय लोगों की सहायता से अपने सुरक्षित ठिकाने तैयार कर रखे थे. सोतीगंज में हुई कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं जिन्होंने गैंग के सदस्यों को रहने, छिपने या अन्य तरह की मदद उपलब्ध कराई.

ये भी पढ़ें-खाटू श्याम मंदिर में भरभराकर गिरा मलबा, आजमगढ़ में मचा हड़कंप

पूछताछ से खुल सकते हैं कई बड़े राज

संयुक्त अभियान में पकड़े गए चारों आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है. पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गैंग के बाकी सदस्यों, उनके आपराधिक नेटवर्क और मेरठ में मौजूद संपर्कों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital