मितौली पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
Mitauli police arrested three accused: लखीमपुर खीरी/हर्ष गुप्ता: मितौली पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक अंतर्जनपदीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर बंदूक, कारतूस, चोरी के ₹18 हजार नकद, पीली धातु के सामान, साड़ियां, कपड़े और एक कार बरामद की है, पुलिस ने इस मामले में बताया कि आरोपी खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में चोरी, भैंस चोरी और लूट की घटनाओं में सक्रिय थे. आपको विस्तार से बताते हैं पूरा मामला.
पुलिस ने मुठभेड के दौरान तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी के थाना मितौली क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट,चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल 3 शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज निवासी सीतापुर, अबरार निवासी शाहजहांपुर और अशोक कुमार निवासी सीतापुर के रूप में हुई है. एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत मितौली पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की बेटी पर हमले की कोशिश नाकाम, साजिश रचने वाला आतंकी गिरफ्तार
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की कर रही है जांच
गिरफ्तारी के बाद, तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया. एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं. ये तीनों अपराधी खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में चोरी, भैंस चोरी और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे. काफी टाइम से यह गिरोह पुलिस की नजर में था. इनके द्वारा की गई चोरी की सूचना जब पुलिस को मिली तो पुलिस ने एक टीम तैयार कर इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



