Noida Cyber Fraud
Noida Cyber Fraud: गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर 8 फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर कमिश्नरेट में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत यह कार्रवाई की गई. इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने एक विदेशी नागरिक समेत 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, ये फर्जी कॉल सेंटर लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाते थे. कभी नौकरी दिलाने के नाम पर, कभी लोन, निवेश, टेक्निकल सपोर्ट या अन्य सुविधाओं का झांसा देकर लोगों से ठगी की जाती थी. आरोपी फोन कॉल, मैसेज और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क करते थे और फिर भरोसा जीतकर उनसे पैसे ऐंठ लेते थे.
भारी मात्रा में नकदी, लैपटॉप और फोन बरामद
ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में लगातार निगरानी, तकनीकी जांच और इनपुट के आधार पर कई जगहों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं. इन डिवाइसों की जांच से पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन कॉल सेंटरों के जरिए अब तक कितने लोगों से ठगी की गई और ठगी की रकम किन खातों में भेजी जाती थी. पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- ‘आपने देश की अंतरात्मा को जगा दिया…’, सोनम वांगचुक के आंदोलन को मिला थरूर और बॉलीवुड का साथ
नोएडा और आसपास के इलाकों में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने इस अभियान को तेज किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. लोगों से भी अपील की गई है कि किसी अनजान कॉल, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

