Oorja Akshara Graduation
Oorja Akshara ने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित किंग्स कॉलेज लंदन से बीए लिबरल आर्ट्स ऑनर्स की पढ़ाई पूरी कर ली है. उन्होंने इंटरनेशनल डेवलपमेंट में मेजर और डिजिटल कल्चर में माइनर के साथ अपनी स्नातक डिग्री हासिल की. ग्रेजुएशन के इस खास मौके पर उनके पिता और भारत एक्सप्रेस के सीएमडी एवं एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय भी लंदन में मौजूद रहे.
Oorja की पढ़ाई का मुख्य केंद्र वैश्विक विकास, मीडिया, संस्कृति और रणनीतिक संचार रहा है. वह खास तौर पर इस बात को समझने में रुचि रखती हैं कि कहानियां, मीडिया और संचार किस तरह समाज, लोगों की सोच और सार्वजनिक विमर्श को प्रभावित करते हैं. किंग्स कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उन्होंने इंटरनेशनल डेवलपमेंट, डिजिटल जर्नलिज्म, एआई, कल्चर एंड सोसायटी, फॉरेन पॉलिसी, न्यू मीडिया और रिसर्च मेथड जैसे विषयों का अध्ययन किया.
पढ़ाई के साथ Oorja ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई. वह इंटरडिसिप्लिनरी ह्यूमैनिटीज विभाग की स्टूडेंट रिप्रेजेंटेटिव रहीं और छात्रों से जुड़ी समस्याओं तथा अकादमिक अनुभव को फैकल्टी के सामने रखा. इसके अलावा उन्होंने फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज में पीयर मेंटर और किंग्स कॉलेज स्टूडेंट यूनियन की अनुशासन समिति में वॉलंटियर के रूप में भी काम किया.

कॉलेज में निभाई मार्केटिंग हेड की जिम्मेदारी
Oorja ने किंग्स कॉलेज के दिवाली शो में मार्केटिंग हेड की जिम्मेदारी संभाली. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की ब्रांडिंग, प्रचार रणनीति, कंटेंट और अलग-अलग टीमों के बीच तालमेल का नेतृत्व किया. वह दो वर्षों तक शो के म्यूजिक एक्ट की कोरियोग्राफर और मेंटर भी रहीं, जहां उन्होंने कलाकारों को प्रशिक्षण देने से लेकर मंचीय प्रस्तुतियों के संचालन तक की जिम्मेदारी निभाई.
सामाजिक क्षेत्र में भी Oorja का काम उल्लेखनीय रहा है. इंडियन डेवलपमेंट फाउंडेशन में यूथ और स्टूडेंट एंबेसडर के रूप में उन्होंने महिलाओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य और शिक्षा तक पहुंच से जुड़ी EmpowerHer और Project Dignity जैसी पहल का नेतृत्व किया. इन अभियानों के लिए उन्होंने करीब दो लाख रुपये जुटाए और जागरूकता कार्यक्रमों, स्वयंसेवकों तथा सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय किया. उन्हें 2026 में संयुक्त राष्ट्र के CSW70 में संस्था का प्रतिनिधित्व करने के लिए भावी प्रतिनिधि के रूप में भी चुना गया है.

भारत सरकार के कार्यक्रम में की इंटर्नशिप
मीडिया और संपादकीय क्षेत्र में अनुभव हासिल करने के लिए Oorja ने रिपब्लिक वर्ल्ड में समर एडिटोरियल इंटर्न के रूप मेंभी काम किया. यहां उन्होंने खबरों और फीचर स्टोरी के लिए रिसर्च, तथ्य जांच, कंटेंट तैयार करने और संपादन की प्रक्रिया को करीब से समझा. उन्होंने भारत सरकार के स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स में भी इंटर्नशिप की, जहां सतत विकास और ग्रीन स्किल्स से जुड़े सरकारी प्रकाशनों तथा त्रैमासिक न्यूजलेटर के लेखन और संपादन में सहयोग दिया.

Oorja भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रशिक्षित गायिका और कथक नृत्यांगना भी हैं. वह पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से दोनों विधाओं का प्रशिक्षण ले रही हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय विश्व पुस्तक मेले और पुणे लिटरेचर फेस्टिवल जैसे मंचों पर भारतीय शास्त्रीय गायन और कथक की प्रस्तुति दी है. सांस्कृतिक योगदान के लिए उन्हें NewsX और BusinessWorld का ‘Gen-Z Change Maker Award’ भी मिल चुका है. उन्होंने भारतीय शास्त्रीय गायन और कथक में डिस्टिंक्शन के साथ दो डिप्लोमा भी हासिल किए हैं.
स्कूल में चुनी गई थीं हेड गर्ल
स्कूली शिक्षा के दौरान भी Oorja नेतृत्व में आगे रहीं. दिल्ली पब्लिक स्कूल आरके पुरम में वह हेड गर्ल चुनी गई थीं और करीब 10 हजार विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व किया था. उन्होंने स्कूल की पढ़ाई 9.83 सीजीपीए के साथ पूरी की.
अब Oorja आगामी शैक्षणिक सत्र में लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस यानी LSE से मास्टर्स की पढ़ाई शुरू करेंगी. उनका लक्ष्य मीडिया, संस्कृति, लक्जरी ब्रांडिंग और रणनीतिक संचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय करियर बनाना है. वह ऐसी संस्थाओं के साथ काम करना चाहती हैं, जो रचनात्मकता, नवाचार और प्रभावी कहानी कहने के जरिए दुनिया में नए विचारों और विमर्श को आकार देती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
